Rajya Sabha, Congress: चलती गाड़ी में चढ़े बड़े मियां फुरकान साहब, हेमंत के घर फील्डिंग टाइट करने पहुंची कांग्रेस
Jharkhand Rajya Sabha Election राज्यसभा चुनाव को लेकर तेज हुई सियासी गतिविधि के बीच बुधवार को कांग्रेस की दावेदारी लेकर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने पहुंचे। इधर फुरकान अंसारी ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर अपने लिए टिकट की पैरवी की।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Rajya Sabha Election राज्यसभा चुनाव को लेकर तेज हुई सियासी गतिविधि के बीच बुधवार को कांग्रेस की दावेदारी लेकर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस विधायक दल के नेता और राज्य सरकार के मंत्री आलमगीर आलम, वित्त मंत्री डा. रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और कृषि मंत्री बादल भी थे। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से कहा कि इस बार कांग्रेस को मौका दिया जाना चाहिए। नेताओं ने कांग्रेस आलाकमान का भी संदेश मुख्यमंत्री को दिया। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि कांग्रेस का प्रत्याशी राज्यसभा में होगा। राज्य के राजनीतिक माहौल पर भी मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मसले पर सकारात्मक रुख दिखाया है। केंद्रीय नेतृत्व से इस संदर्भ में बातचीत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, विधायकों से चर्चा करेंगे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि वे इस संबंध में दल के भीतर बातचीत करेंगे। पार्टी के विधायकों से भी इस संबंध में चर्चा की जाएगी। झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा किदावेदारी के लिए हर कोई स्वतंत्र है। संख्या बल के लिहाज से झारखंड मुक्ति मोर्चा सबसे बड़ी पार्टी है, लिहाजा झामुमो की दावेदारी ज्यादा मजबूत है। 2019 से 2024 के बीच राज्यसभा की तीन सीट को लेकर चुनाव के वक्त ही चीजें तय हो गई थी। कांग्रेस को इसके बदले लोकसभा में ज्यादा सीट देने पर सहमति बनी थी। कांग्रेस से इस संबंध में बातचीत हो चुकी है।
स्थानीय को दें राज्यसभा का टिकट, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कांंग्रेस अध्यक्ष को लिखा पत्र
कांग्रेस विधायक डा. इरफान अंसारी ने स्थानीय प्रत्याशी के पक्ष में मुहिम आरंभ की है। उन्होंने पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को राज्यसभा टिकट के लिए दबाव बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक भी इस पक्ष में हैं। पिछले राज्यसभा चुनाव में भी सभी विधायकों ने आलाकमान को इस संबंध में पत्र भेजा था। इरफान ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी कांग्रेस प्रत्याशी के लिए मौका दें। इससे बेहतर संदेश जाएगा और कांग्रेस व झामुमो के राजनीतिक रिश्ते प्रगाढ़ होंगे। झामुमो को बड़ा दिल दिखाना चाहिए। पिछले चुनाव में राहुल गांधी ने भी अगली बार मौका देने का वादा किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने उन पर और उनके परिवार पर अन्याय किया। उधर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भी अपनी उम्मीदवारी की दावेदारी करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भेजा है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि राज्य में 14 प्रतिशत मुस्लिमों की आबादी है। उन्हें मौका देने से बिहार में बेहतर संदेश जाएगा। मुस्लिमों में 90 प्रतिशत आबादी अंसारी समुदाय की है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा किए गए वादे का भी जिक्र अपने पत्र में किया है।