यूपी के बाद झारखंड में कांग्रेस बदलेगी प्रदेश अध्यक्ष? SC या OBC चेहरे पर चल सकती है दांव
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को बदलने की चर्चा तेज है, उनके खिलाफ शिकायतों के कारण पार्टी नए चेहरे की तलाश में है।

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश। (फाइल फोटो)
HighLights
केशव महतो कमलेश को हटाने की चर्चा तेज।
पार्टी नए चेहरे की तलाश में जुटी है।
एससी या ओबीसी नेता को मिल सकती है कमान।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को बदले जाने की चर्चा तेज हो गई है। इनके बदले जाने की चर्चाओं को पार्टी के वरीय नेता भी गंभीरता से ले रहे हैं।
खासकर यूपी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बदले जाने के बाद आसपास के राज्यों में भी इसका असर होने की संभावनाओं को बल मिल रहा है।
ऐसे भी कमलेश के खिलाफ नियमित तौर पर शिकायतें कांग्रेस मुख्यालय पहुंच रही थी।अब झारखंड में पार्टी को नए चेहरे की तलाश है जो ना सिर्फ कांग्रेस काे नेतृत्व प्रदान करे बल्कि जातिगत समीकरण को भी साधने में सफल हो। कांग्रेस को फिलहाल पिछड़ा वर्ग अथवा अनुसूचित जाति के किसी नेता की तलाश है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के खिलाफ शिकायतों की भरमार के कारण उन्हें हटाने की चर्चा शुरू हुई है।
पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी और वर्तमान में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर पहले ही खुलकर कमलेश का विरोध कर चुके हैं और इनके खिलाफ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से शिकायत कर चुके हैं।
खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कांके विधायक सुरेश बैठा भी अलग-अलग मुद्दों पर प्रदेश अध्यक्ष के रवैये पर विरोध दर्ज करा चुके हैं। इसके अलावा भी कई नेताओं की बात आलाकमान तक पहुंची है।
6 महीने बचा हुआ है कार्यकाल
झारखंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यकाल अभी करीब छह महीने बचा हुआ है। इसके बावजूद पार्टी नए चेहरे की तलाश में जुट गई है।
वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव कर रही है। इसी क्रम में झारखंड में भी प्रदेश अध्यक्ष बदलने की संभावना को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है।
चर्चा है कि इस बार पार्टी अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से किसी नेता को प्रदेश संगठन की कमान सौंप सकती है। अब सबकी नजरें कांग्रेस के अगले संगठनात्मक विस्तार से संबंधित फैसले पर टिकी है।
यह भी पढ़ें- मिशन 2029: झारखंड कांग्रेस में जल्द होगा बड़ा फेरबदल, नई दिल्ली से निर्देश लेकर लौटे प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो
