मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन से झारखंड कांग्रेस में शोक, लोकभवन मार्च और SIR बैठक स्थगित
कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के बाद झारखंड कांग्रेस ने 7 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन मार्च और 8 सितंबर ...और पढ़ें
HighLights
मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर कांग्रेस का मार्च स्थगित।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने शोक में लिया निर्णय।
पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इसे बड़ी राजनीतिक क्षति बताया।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के बाद कांग्रेस ने 7 सितंबर को प्रस्तावित अपना लोकभवन मार्च और 8 सितम्बर को SIR पर आयोजित बैठक स्थगित कर दिया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के कारण उत्पन्न शोक की घड़ी को देखते ये निर्णय लिया गया है।
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने कहा कि झारखंड ने एक समर्पित जनसेवक और संवेदनशील नेता को खो दिया है। इस दुःख की घड़ी में मैं तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस परिवार शोक संतप्त परिजनों एवं उनके समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने भी जताया शोक
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी कहा कि झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह के लोकप्रिय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू जी के असामयिक निधन की खबर स्तब्ध एवं मर्माहत करने वाली है। उनके निधन से झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को एक ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
सुदिव्य जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में जिस समर्पण, सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ जनता की आवाज को उठाया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। एक युवा और कर्मठ जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने अपने क्षेत्र और राज्य के विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दिखाई।
मुख्यमंत्री हमेशा लेते थे सलाह
उन्होंने कहा कि गठबंधन की जब भी बात होती , नोक झोंक के बावजूद वो निष्कर्ष पर पहुंचना चाहते थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जब भी कोई गंभीर मसला होता, उनसे विमर्श करते थे। उनका अचानक हमारे बीच से चले जाना न केवल उनके परिवार और समर्थकों के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक गहरा आघात है।
राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों, मानवीय संवेदनाओं और सार्वजनिक जीवन की गरिमा का स्थान सबसे ऊपर है।
राजेश ठाकुर ने सुदिव्य कुमार के परिवार, परिजनों, मित्रों, सहयोगियों और झारखंड मुक्ति मोर्चा के समस्त साथियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। सुदिव्य जी का संघर्ष, उनकी जनसेवा और उनकी स्मृतियाँ लंबे समय तक झारखंड के राजनीतिक जीवन में जीवित रहेंगी। -राजेश ठाकुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।