मंत्रिमंडल में जगह को लेकर जल्द होगा फैसला, कांग्रेस को मिलेगी उचित हिस्सेदारी
बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर राज्य की राजनीतिक स्थिति पर कांग्रेस आलाकमान ने झारखंड के विधायकों संग चर्चा की।
रांची, राज्य ब्यूरो। हालिया विधानसभा चुनाव में जीतने वाले कांग्रेसी विधायकों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर राज्य की राजनीतिक स्थिति पर कांग्रेस आलाकमान ने विधायकों संग चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तमाम विधायकों को बधाई देते हुए कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करें और संगठन को मजबूती प्रदान करें।
सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलने वालों कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सरकार में मंत्री रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, बन्ना गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद सिंह, इरफान अंसारी, ममता देवी, पूर्णिमा सिंह, अंबा प्रसाद, दीपिका पांडेय सिंह, राजेश कच्छप, उमाशंकर अकेला, बादल पत्रलेख आदि शामिल थे।