वोट बचाओ' की जंग: अब प्रखंड स्तर पर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, सांसद-विधायकों को मिली कमान
कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में अपने आंदोलन को अब प्रखंड स्तर तक ले जा रही ...और पढ़ें

पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, सांसदों के साथ-साथ पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों को भी मैदान में उतारा जाएगा।
HighLights
कांग्रेस मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी।
प्रखंड स्तर पर प्रदर्शन में सांसद-विधायक शामिल होंगे।
1 नवंबर को दिल्ली में 'वोट बचाओ' रैली की तैयारी।
राज्य ब्यूरो, रांची। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में कांग्रेस अब इस आंदोलन को और आक्रामक बनाते हुए जमीनी स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही है।
राज्य और जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के बाद अब पार्टी ने प्रखंड स्तर पर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, सांसदों के साथ-साथ पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों को भी मैदान में उतारा जाएगा और विशेष जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
राजनीतिक रूप से कांग्रेस इस पूरे कार्यक्रम को बेहद गंभीरता से ले रही है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में टिकट चाहने वाले नेताओं की दावेदारी इन संगठनात्मक कार्यक्रमों की सफलता और उनकी सक्रियता पर ही निर्भर करेगी।
इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जा रही है, जो स्थानीय कमेटियों को सक्रिय करने के साथ वरिष्ठ नेताओं के तालमेल की निगरानी करेंगे। इतना ही नहीं, इस मुहिम के तहत कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के बीच भी जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा कर दिया गया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने जानकारी दी है कि पार्टी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल रैली को सफल बनाने की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट गई है।
'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत राज्य के 25 संगठनात्मक जिलों के लिए पांच विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
इसके साथ ही, आगामी 25 अक्टूबर को पार्टी की ओर से सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस (संवाददाता सम्मेलन) आयोजित कर आम जनता को जागरूक किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में झारखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इस राष्ट्रीय रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होंगे।
