दावा SIR में हजारों नाम कटने का, झारखंड में कांग्रेस के चौपाल में पांच लोग नहीं जुट पा रहे
झारखंड में कांग्रेस के चौपाल कार्यक्रम लोगों को जुटाने में विफल रहे हैं, जिससे मतदाता सूची से नाम काटे जाने के पार्टी के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में असफलता के बाद, पार्टी अब पेसा कार्यक्रम को जोड़कर भीड़ जुटाने की कोशिश कर रही है।

ग्रामीण इलाकों से निकलकर अब अर्बन चौपाल तक में नहीं जुट पा रहे लोग।
HighLights
कांग्रेस के चौपाल कार्यक्रम लोगों को जुटाने में असफल रहे।
मतदाता सूची से नाम कटने के दावे पर सवाल उठे।
पार्टी अब पेसा कार्यक्रम से भीड़ जुटाने का प्रयास।
आशीष झा, रांची। झारखंड में कांग्रेस पार्टी यू तो लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से काटे जाने का दावा कर रही है लेकिन इस दावे की हकीकत पार्टी की ओर से आयोजित चौपाल कार्यक्रमों में देखने को मिल जाती है।
पंचायतों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक में पार्टी ने चौपाल लगाकर आम लोगों से जुड़ने की अपील की लेकिन किसी भी कार्यक्रम में ऐसे पांच लोग भी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुटा नहीं पाए हैं। ग्रामीण इलाकों में चौपाल की असफलता के बाद शहरी इलाकों में अर्बन चौपाल लगाए गए और वहां भी नतीजा कुछ ना कुछ ऐसा ही रहा।
चौपाल कार्यक्रम के असफल होने का अनुमान लगते ही पार्टी ने बड़ी ही चतुराई से इसके साथ पेसा कार्यक्रम को भी जोड़ दिया है और इस नाम पर अब भीड़ जुटाया जाने लगा है। झारखंड में पंचायतों से लेकर शहरी इलाकों तक में चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन कांग्रेस पार्टी की ओर से हो रहा है।
इन कार्यक्रमों का स्पष्ट उद्देश्य यही था कि मतदाता सूची से बाहर हुए लोगों को पार्टी के बैनर के तले जुटाया जाए। लेकिन, ऐसा हो नहीं सका और पंचायतों से लेकर अर्बन चौपाल तक विफल होते दिख ने लगे। ऐसे में इस कार्यक्रम की इज्जत बचाने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने इसके साथ अब पेसा कार्यक्रम को भी जोड़ दिया है। इसका फायदा भी पार्टी को मिलना शुरू हो गया है।
अब चौपाल कार्यक्रम में पेसा के बहाने लोग जुटने लगे हैं। हालांकि पार्टी को भी तक इस कार्यक्रम में ऐसे लोगों की तलाश है जिनका नाम गलत तरीके से काट दिया गया है। कार्यकर्ताओं को भी एएसडीडी (अबसेंट, शिफ्टेड, डेड एवं डुप्लीकेट) सूची के हिसाब से लोगों को जुटाने का लक्ष्य दिया गया है लेकिन ऐसा हो नहीं पाया है।
पार्टी के नेताओं के अनुसार कार्यकर्ताओं को भी ऐसे लोग मिल ही नहीं रहे जिनका नाम कट गया है अथवा जिन्हें मृत लोगो की सूची में डाल दिया गया है। पार्टी की ओर से अब चौपाल कार्यक्रम विफल होता देख नए कार्यक्रम की कभी भी घोषणा हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।