Maharashtra Politics: देवेंद्र फडणवीस बने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, CM रघुवर दास ने दी बधाई; जानें किसने क्या कहा
Maharashtra Politics देश की राजनीति की सबसे चौंकाने वाली तस्वीर तब सामने आई जब शनिवार की सुबह देवेंद्र फडनवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
रांची, जेएनएन। cm raghubar das wishes cm Devendra Fadnavis झारखंड में विधानसभा चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने रातों रात महाराष्ट्र में बड़े उलटफेर को अंजाम दिया है। देश की राजनीति की सबसे चौंकाने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब शनिवार की सुबह देवेंद्र फडनवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इससे पहले नाटकीय घटनाक्रम में राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र से राष्ट्रपति शासन हटाने की मंजूरी दी। बीते दिन तक उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने और शिवसेना, कांग्रेस तथा शरद पवार की पार्टी राकांपा की सरकार बनाने के कयास लगाए जा रहे थे। लगातार बैठकें चल रही थीं, खबर थी कि उद्धव ठाकरे अगले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इधर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में फिर से देवेंद्र फडणवीस के शपथ लेने पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बधाई दी है। सीएम ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर देवेंद्र फडनवीस जी को और उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर अजीत पवार जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भाजपा ने बीते पांच साल में महाराष्ट्र में लोककल्याण के अनेक कार्य किए हैं, अब विकास का ये सिलसिला और आगे बढ़ेगा। बता दें कि भाजपा और राकांपा के गठबंधन की सरकार महाराष्ट्र में बनी है। एनसीपी के अजीत पवार डिप्टी सीएम बने हैं।
भाजपा के झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी ने अपने संदेश में लिखा- देवेंद्र फडनवीस को पुनः महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री एवं अजीत पवार को उपमुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं| मुझे पूर्ण विश्वास है कि पिछले पांच सालों की तरह भारतीय जनता पार्टी की एक बार फिर यह सरकार महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध और संकल्पित होगी।