CM Hemant Soren ने भागोडीह ग्रिड का ऑनलाइन उद्घाटन किया, जानिए क्या होगा इससे फायदा
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या झेल रहे लोगाें का इंतजार अब समाप्त हो गया है। जिले के रमना प्रखंड के भागोडीह में बनकर तैयार मेराल ग्रिड सब स्टेशन का उद्घाटन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन किया।
गढ़वा, जासं। गढ़वा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या झेल रहे लोगाें का इंतजार अब समाप्त हो गया है। जिले के रमना प्रखंड के भागोडीह में बनकर तैयार मेराल ग्रिड सब स्टेशन का उद्घाटन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन किया। साथ ही जिले के भवनाथपुर ग्रिड एवं पलामू जिला के छत्तरपुर ग्रिड का शिलान्यास भी किया गया। इस दौरान गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर उद्घाटन स्थल भागोडीह में मौजूद रहे। मिथिलेश ठाकुर हेलीकॉप्टर से भागोडीह पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची से ऑनलाइन उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
उद्घाटन के बाद मंत्री पुनः रांची प्रस्थान कर जाएंगे। भागोडीह में 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन मेराल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। गढ़वा जिला के भवनाथपुर एवं पलामू जिला के छत्तरपुर का 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन तथा संबंधित 132 केवी संचरन लाइन का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया। इसकी जानकारी देते हुए मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि राज्य के सबसे पिछड़े जिलों में शुमार गढ़वा-पलामू अब अग्रणी जिलों में गिना जाएगा। पूरे पलामू प्रमंडल को यथाशीघ्र बिजली की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का प्रत्येक गांव रौशन होगा। इस क्षेत्र के विकास के लिए झारखंड की हेमंत सरकार प्रतिबद्ध है।