झारखंड में 1042 शिक्षकों की नियुक्ति: सीएम ने कहा- खूब साइंस पढ़िए, डॉक्टर, इंजीनियर बनिए
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1042 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति पर बच्चों से साइंस पढ़ने और डॉक्टर-इंजीनियर बनने का आह्वान किया। ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री ने शिक्षक नियुक्ति कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को दिया संदेश। (फोटो: जागरण)
HighLights
1042 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति, सीएम ने किया आह्वान।
बच्चों को साइंस पढ़कर डॉक्टर-इंजीनियर बनने को प्रेरित किया।
झारखंड में साइंस शिक्षकों की कमी अब दूर हुई।
राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को 1042 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति से संबंधित कार्यक्रम के दौरान बच्चों से अपील करते हुए कहा कि आप लोग खूब साइंस पढ़िए, डाॅक्टर-इंजीनियर बनिए, सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि मुझे जानकारी मिल रही थी कि राज्य में साइंस के शिक्षकों की कमी है लेकिन, अब इस कमी को दूर कर लिया गया है। इसके पूर्व उन्होंने कहा कि झारखंड में युवाओं को लगातार रोजगार और नियुक्तियां देने का हमारा संकल्प मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि आपको एक ऐसे क्षेत्र की जिम्मेदारी दी जा रही है जिसके माध्यम से यह तय होगा कि आने वाले समय में राज्य का बौद्धिक विकास का आयाम कैसा होगा। आने वाली पीढ़ी किस तरह शिक्षित हो और अपने पैरों पर खड़ी हो, यह आपको तय करना है।
महाराष्ट्र जैसी घटनाएं हुई तो कड़ी कार्रवाई होगी
मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों महाराष्ट्र के आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित एक वीडियो क्लिप की चर्चा करते हुए कहा कि सबने देखा कि एक तीन साल की बच्ची से दुर्व्यवहार हुआ। आप जिन विद्यालयों में जा रहे हैं वहां से ऐसी खबरें ना आएं। अगर ऐसी कोई सूचना आई तो सरकार कड़ी कार्रवाई भी करेगी।
जिन राज्यों की शिक्षा व्यवस्था मजबूत, वही आगे बढ़े : सीएम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देश में वहीं राज्य आगे बढ़े हैं जहां की शिक्षा व्यवस्था मजबूत है। सरकार की व्यवस्था पर हमें गर्व होना चाहिए और इसे बेहतर बनाने पर सभी को काम करना चाहिए।
हम अपनी व्यवस्था को कमजोर करते हैं तो निजी संस्थान विसात बिछाने लगते हैं। राज्य सरकार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास कर रही है। हम ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं जहां सभी सुकून से काम कर सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।