Jharkhand: तमिलनाडु से मुक्त कराई गई 22 लड़कियों को हेमंत सोरेन ने सौंपा नियुक्ति पत्र
Jharkhand News मंगलवार को तमिलनाडु से मुक्त कराई गई झारखंड की 22 लड़कियों को टेक्सटाइल्स उद्योग मेसर्स किशोर एक्सोर्ट्स ओरमांझी में नियोजन को लेकर नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान कहा कि झारखंड में कपड़ा उद्योग में व्यापक संभावनाएं है।
रांची (राज्य ब्यूरो) । राज्य में खनन के अलावा अन्य क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष जोर है। अलग-अलग माध्यमों के जरिए अधिकाधिक लोगों को रोजगार देने के लिए चरणबद्ध तरीके से सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को तमिलनाडु से मुक्त कराई गई झारखंड की 22 लड़कियों को टेक्सटाइल्स उद्योग मेसर्स किशोर एक्सोर्ट्स, ओरमांझी में नियोजन को लेकर नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान कहा कि झारखंड में कपड़ा उद्योग में व्यापक संभावनाएं है। आनेवाले कुछ दिनों में इस सेक्टर में लगभग आठ हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है। यहां के युवक-युवतियों को अपने ही राज्य में रोजगार देने की इच्छुक कंपनियों को सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट में भी ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन का काम सरकार के स्तर पर किया जा रहा है। मनरेगा के तहत तीन बड़ी योजनाओं के अलावा शहरी मजदूरों के लिए मुख्यमंत्री शहरी श्रमिक योजना शुरू की गई है। इन योजनाओं के माध्यम से लाखों मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, उद्योग विभाग की सचिव पूजा सिंघल, किशोर एक्सपोर्ट्स के प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल और अरविंद ग्रुप ऑफ कंपनीज के हेड, कॉरपोरेट अफेयर्स अंकुर त्रिवेदी प्रमुख रुप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में एपैरेल्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
अरविंद मिल्स की ओर से मिलेगा एक लाख एन-95 मास्क
कार्यक्रम में अरविंद ग्रुप ऑफ कंपनीज ने एक लाख एन-95 मास्क उपलब्ध कराने को लेकर मुख्यमंत्री को लेटर ऑफ इंटेंट सौंपा। मुख्यमंत्री ने आभार जताते हुए कहा कि कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई में सहयोग सराहनीय है। सभी के सहयोग से हम कोरोना को मात देने में कामयाब होंगे।
इन लड़कियों को मिला नियुक्ति पत्र
मेसर्स किशोर एक्सपोर्ट्स, कुल्ही इंडस्ट्रियल एरिया, ओरमांझी, रांची में जिन लड़कियों को नियोजित किया गया है, उनमें चतरा की अनिमा एक्का, गुमला की बहलीन केरकेट्टा, हजारीबाग की सुमित्रा टोप्पो, लातेहार की मुनिता कुमारी, संगीता कुमारी, मनमति कुमारी, संगीता कुमारी, बालमणि कुमारी, सुनीता कुमारी, फुलवंती कुमारी, शोभा कुमारी, संगीता कुमारी और रबनीता कुमारी, पलामू की नीपू कुमारी एवं सुमन कुमारी और रांची की उमा कुमारी, नागी कुमारी, सीमा कुमारी, प्रमिला कुमारी, नेहा मुंडा, रानी कुमारी और सुनीता जरीया शामिल हैं।