Move to Jagran APP

Ram Vilas Paswan Death News: रामविलास पासवान के निधन पर झारखंड के सीएम, राज्यपाल सहित कई दिग्गज नेताओं ने जताया शोक, CM ने कहा- भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति

Ram Vilas Paswan Death News लोक जनशक्ति पार्टी के नेता एवं केंद्र सरकार में मंत्री रामविलास पासवान का निधन हो गया है। उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई नेताओं ने ट्वीट व फेसबुक के जरिए..

By Vikram GiriEdited By: Published: Thu, 08 Oct 2020 10:14 PM (IST)Updated: Fri, 09 Oct 2020 09:12 AM (IST)
Ram Vilas Paswan Death News: रामविलास पासवान के निधन पर झारखंड के सीएम, राज्यपाल सहित कई दिग्गज नेताओं ने जताया शोक, CM ने कहा- भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति
लोक जनशक्ति पार्टी के नेता एवं केंद्र सरकार में मंत्री रामविलास पासवान का निधन। जागरण

रांची (जेएनएन) । लोक जनशक्ति पार्टी के नेता एवं केंद्र सरकार में मंत्री रामविलास पासवान का निधन हो गया है। उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सहित कई दिग्गज नेताओं ने ट्वीट व फेसबुक के जरिए संवेदना व्यक्त करते हुए शोक जताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनके निधन की खबर से मन आहत है। उनके चले जाने से भारतीय राजनीति को एक अपूरणीय क्षति हुई है। परमात्मा दिवंगत रामविलास जी की आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें। वहीं, राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर गहरा दुख एवं शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान एक कुशल राजनेता थे जो कई दशकों से संसद के सदस्य रहे। वे दलित एवं पिछड़ों के प्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।

loksabha election banner

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि केंद्रीय मंत्री और जननेता रामविलास पासवान जी के निधन से मर्माहत हूँ। रामविलास पासवान जी ने हमेशा वंचितों-पीड़ितों के हक की लड़ाई लड़ी। उनका जाना भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। उनके निधन से भारतीय राजनीतिक में जो शून्यता आई है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। रामविलास पासवान जी का झारखंड से विशेष लगाव था। झारखंड में हमारी सरकार के दौरान केंद्र में उन्होंने अपने मंत्रालय की हर योजना का लाभ झारखंड को उपलब्ध कराने में व्यक्तिगत रूचि दिखाई। कोरोना काल में उन्होंने "देश में कोई गरीब भूखा ना सोए" इस संवेदना के साथ कार्य किया। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और उनके परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति दे।

विधानसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री सहित अन्य नेताओं ने भी जताया शोक

उनके निधन के समाचार से मर्माहत हूं।वे एक ऊर्जावान व्यक्ति थे। विभिन्न विभागों के केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्हें काम करने का लंबा अनुभव प्राप्त था। भारतीय राजनीति में उन्होंने जो स्थान प्राप्त किए उनकी रिक्तता को पाट पाना आसान नहीं होगा। रबींद्रनाथ महतो, अध्यक्ष, झारखंड विधानसभा

लोजपा के संस्थापक और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन की खबर सुनकर मर्माहत हूं।भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदना। अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री

वे भारतीय संसदीय राजनीति के एक मजबूत स्तंभ थे। उनके अकस्मात निधन की खबर से पूरा देश मर्माहत है। संसदीय राजनीति का उन्हें काफी लंबा अनुभव था। राजनीति के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज होना गौरव की बात है। सुबोधकांत सहाय, पूर्व केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन से एक राजनीतिक अध्याय का अंत हो गया हैं। सामाजिक न्याय के पुरोधा के रूप में उनका व्यक्तित्व हमेशा स्मरण किया जाएगा। देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों और शुभचिंतकों को दुख सहने का साहस दे। बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड

देश ने एक महान नेता खो दिया, जो गरीबों, दलितों, शोषितों की आवाज के रूप में जाने जाते थे। रामविलास पासवान शीर्ष नेता ही नहीं थे बल्कि अपने आप में एक संस्था थे।उनका निधन देश एवं राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वे हमेशा अंतिम व्यक्ति के लिए चिंतित रहते थे और उनके बेहतरी के लिए काम करते थे। राजेश ठाकुर कार्यकारी अध्यक्ष , झारखंड प्रदेश कांग्रेस

देश के अनुभवी नेताओं में शुमार राजनीति की लंबी पारी खेलने वाले केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन की खबर से दुखी हूं। उनसे हमेशा आत्मीय संबंध रहे और सीखने का मौका भी मिला। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें तथा परिजनों, सहयोगियों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। सुदेश कुमार महतो, अध्यक्ष, आजसू पार्टी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.