विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केंद्र के फैसले से झारखंड के मरीजों को राहत: सस्ती होंगी कैंसर की दवाइयां, सदर अस्पतालों में मिलेंगी आधुनिक जांच सुविधाएं

Published: Tue, 10 Nov 2026 10:40 PM (GMT+05:30)

केंद्र सरकार के कैंसर दवाओं की कीमत घटाने के फैसले का झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने स्वागत किया है। इससे राज्य के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कैंसर की दवाइयों की कीमत घटाने के केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया है।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कैंसर की दवाइयों की कीमत घटाने के केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया है।

HighLights

  1. कैंसर दवाओं की कीमतों में 50-75% तक की कमी।

  2. झारखंड के मरीजों को मिलेगी सीधी राहत, गरीब परिवारों को लाभ।

  3. सदर अस्पतालों में सीटी, पेट स्कैन मशीनें होंगी उपलब्ध।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कैंसर की दवाइयों की कीमत घटाने के केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। 
 
भारत सरकार के राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण ने 37 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित करने का निर्णय लिया है, जो नौ नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुका है। इसके लागू होने से झारखंड के मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
 
मंत्री ने राज्य में इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एसओपी तैयार करने और संबंधित अधिकारियों, अस्पतालों, दवा कंपनियों तथा दवा विक्रेताओं को आवश्यक निर्देश देने की बात कही है, ताकि दवा की घटी हुई कीमतों का लाभ सीधे जरूरतमंद मरीजों तक पहुंच सके।
 

गरीब परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज केवल इसलिए नहीं रुकना चाहिए कि किसी गरीब परिवार के पास महंगी दवाइयां खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। 
 
झारखंड में बड़ी आबादी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की है, जिनके लिए कैंसर के इलाज में लाखों रुपये खर्च करना बेहद कठिन होता है। 
 
कई बार इन परिवारों को अपनी पूरी जमापूंजी, जमीन और संपत्ति तक बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता है। केंद्र सरकार की इस पहल से कई दवाइयों की कीमतों में 50 से 75 प्रतिशत तक की कमी आई है। 
 
कुछ दवाओं में इससे भी अधिक कटौती दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस महंगी दवाइयों के मुद्दे को वे पहले भी केंद्र सरकार के समक्ष उठा चुके हैं।
 

सदर अस्पतालों में मजबूत होगी जांच व्यवस्था 

राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मंत्री ने घोषणा की है कि राज्य सरकार शीघ्र ही सभी जिलों के सदर अस्पतालों में सीटी स्कैन और पेट स्कैन मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। 
 
इसके साथ ही, जिला स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग की व्यवस्था को भी और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि इस घातक बीमारी की शुरुआती अवस्था में ही पहचान हो सके और मरीजों का समय पर समुचित इलाज शुरू किया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।