झारखंड कैबिनेट की बैठक 25 अगस्त को, 2200 सहायक पुलिसकर्मियों के सेवा विस्तार पर लग सकती है मुहर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 25 अगस्त को कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है।

झारखंड कैबिनेट की बैठक। (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक 25 अगस्त को।
अनुबंध सहायक पुलिसकर्मियों को अवधि विस्तार पर मिल सकती है स्वीकृति।
जेपीएससी अध्यक्ष व सदस्यों की नियुक्ति पर भी होगा निर्णय।
राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक मंगलवार, 25 अगस्त को प्रस्तावित है। बैठक को लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने सभी संबंधित मंत्रियों एवं अधिकारियाें को सूचित कर दिया है।
कैबिनेट की बैठक को लेकर करीब दो दर्जन प्रस्ताव सीएमओ को भेजा जा चुका है। इस बैठक में अनुबंध पर नियुक्त सहायक पुलिसकर्मियों को अवधि विस्तार के प्रस्ताव पर स्वीकृति मिल सकती है।
राज्य सरकार नक्सल प्रभावित 12 जिलों में अनुबंध पर नियुक्त 2200 सहायक पुलिसकर्मियों को अवधि विस्तार देने पर विचार कर रही है।
गृह विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेजा है। यहां से स्वीकृति मिलने के बाद विधि विभाग से इस पर सहमति लेकर प्रस्ताव कैबिनेट भेजा जाएगा।
इस बैठक में जेपीएससी के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति पर भी निर्णय हो सकता है। आयोग में अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों के पद रिक्त हैं।
बताते चलें कि सीआईडी जांच शुरू होने के बाद अध्यक्ष पद से एल खियांग्ते तथा सदस्य के रूप में कार्यरत अजिता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा तथा जमाल अहमद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद सभी पद रिक्त है।