विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में जहां नहीं पहुंचतीं एंबुलेंस, वहां से मरीजों को लाने के लिए पहुंचेगा हेलीकाॅप्टर; छह अगस्त से मानसून सत्र

Published: Tue, 21 Jul 2026 10:01 PM (IST)

झारखंड कैबिनेट ने सुदूर क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवा को मंजूरी दी, जिस पर 9.45 करोड़ रुपये वार्षिक खर्च ...और पढ़ें

राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 49 प्रस्तावों पर मिली स्वीकृति।

राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 49 प्रस्तावों पर मिली स्वीकृति।

HighLights

  1. सुदूर क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवा शुरू होगी।

  2. विश्वविद्यालय शिक्षकों को 2016 से सातवां वेतनमान मिलेगा।

  3. गंभीर बीमारियों से पीड़ित छात्रों को उपस्थिति में छूट।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के जिन सुदूर क्षेत्रों में एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती, वहां से मरीजों को लाने के लिए हेलीकाॅप्टर एंबुलेंस की सेवा बहाल की जाएगी। इस हेलीकाॅप्टर एंबुलेंस से मरीजों को एक शहर के अस्पताल से दूसरे शहर का अस्पताल भी शीघ्र पहुंचाया जा सकेगा।

इसके लिए राज्य सरकार एक सिंगल इंजन हेलीकाॅप्टर भाड़े पर लेगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान की गई। इसपर 9.45 करोड़ रुपये वार्षिक खर्च आएगा।

एयर एंबुलेंस की योजना पूर्व की तरह संचालित होती रहेगी। बैठक में विभिन्न विभागों के कुल 49 प्रस्तावों पर स्वीकृति मिली। मंत्रिपरिषद ने झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र छह अगस्त से 12 अगस्त तक आयोजित किए जाने के प्रस्ताव पर भी स्वीकृति प्रदान की।

कुल पांच कार्यदिवस का सत्र होगा। मंत्रिपरिषद ने ग्रामीण क्षेत्रों में नक्शा पास करने के नियम में बदलाव की भी स्वीकृति दी है। इसके तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में इंस्टीट्यूशन, एडमिनिस्ट्रेशन और इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में सड़कों की चौड़ाई 4.50 मीट छोड़ने पर ही नक्शा पास होगा।

वर्तमान में सड़क की चौड़ाई नौ मीटर का प्रविधान है। एक अन्य निर्णय के तहत कल्याण विभाग के छात्रावासों के संचालन के लिए एनजीओ के चयन का अधिकार जिलों को दिया गया है। अब जिला स्तर पर उपायुक्त का अध्यक्षता में बनी कमेटी एनजीओ का चयन करेगी। वर्तमान में इसका निर्णय राज्य स्तर पर होता था।

बैठक में विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत कालेजों में शिक्षकों के पदों के पुनर्गठन के प्रस्ताव पर भी स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही डिग्री महाविद्यालय, बरही का नाम बदलकर डिग्री महाविद्यालय चंदवारा किया गया।

विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को सातवें वेतनमान का लाभ अब एक जनवरी 2016 से मिलेगा। पहले इसका लाभ एक अप्रैल 2021 से देने का प्रविधान था। अब शिक्षकों एवं कर्मियों को एक जनवरी 2016 से देते हुए सभी बकाया लाभ ब्याज सहित दिया जाएगा।

एक हजार हाई व प्लस टू स्कूलाें में एआई आधारित टेली क्लासेज

राज्य के एक हजार हाई व प्लस टू हाई स्कूलों एआइ आधारित टेली क्लासेज की सुविधा बहाल होगी। इसके लिए जेसीईआरटी में दो तथा पांचों प्रमंडल मुख्यालयों में एक-एक स्टूडियो कुल सात स्टूडियो का निर्माण होगा।

यहां से विषय शिक्षकों के माध्यम से कक्षाओं का सीधा प्रसारण होगा। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के विद्यार्थी शिक्षकों से स्मार्ट क्लास के माध्यम से ऑनलाइन सवाल भी पूछ सकेंगे।

सिकल सेल, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया पीड़ित विद्यार्थियों को उपस्थिति में छूट

सिकल सेल, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया व टाइप वन डायबीटिज और अन्य गंभीर गैर संक्रामक बीमारियों से पीड़ित छात्रों के लिए 75 प्रतिशत अनिवार्य उपस्थिति से छूट देने की प्रस्ताव पर स्वीकृति मिली। अब बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत उपस्थिति की ही आवश्यकता होगी।

कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

  1. आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं एवं बच्चों को टेक होम राशन के रूप में पूरक पोषाहार उपलब्ध करा रही तीन एजेंसियों आदित्य फ्लोर लिमिटेड, कोटा दाल मील तथा इंटर लिक्स फूड्स प्राइवेट लिमिटेड को अगले छह माह के लिए अवधि विस्तार दिया गया। इससे पहले भी इन एजेंसियों को एक वर्ष का अवधि विस्तार मिला था। बैठक में छह माह के भीतर टेंडर कर नई एजेंसी के चयन के निर्देश भी विभाग को दिए गए।
  2. आदित्यपुर नगर निगम के नए भवन निर्माण के लिए 39.67 करोड़ की योजना की मंजूरी
  3. गिरिडीह पूर्वी तथा दुमका प्रमंडल में चिड़ियाघर का निर्माण होगा। साथ ही झारखंड चिड़ियाघर प्राधिकरण का दायरा बढ़ाकर पूरा राज्य कर दिया गया है। ये दोनों चिडि़याघर भी प्राधिकरण के अधीन होंगे।
  4. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कसमार, बोकारो में पदस्थापित डा. अर्चना चौधरी को बर्खास्त करने के प्रस्ताव पर स्वीकृति। डा. अर्चना लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थीं।
  5. शहीद निर्मल महतो मेडिकल कालेज, धनबाद में एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 250 तथा पीजी की सीटें 19 से बढ़ाकर 200 करने को लेकर संरचना विकास के लिए 194.73 करोड़ की मंजूरी। यह राशि पहले भाग के रूप में स्वीकृत की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।