Jharkhand: हेमंत सोरेन के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का पलटवार, कहा- मुख्यमंत्री ने ओछी मानसिकता का दिया परिचय
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान की कड़ी आलाेचना की है जिसमें उन्होंने कहा था कि...
रांची (राज्य ब्यूरो)। कोराेना संक्रमण काल की अवधि में बिगड़े आर्थिक हालातों के बीच केंद्र व राज्य सरकार के बीच की तल्खी बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार के स्तर से इस मसले पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा जा रहा है जो मुख्य विपक्षी दल भाजपा को रास नहीं आया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान की कड़ी आलाेचना की है जिसमें उन्होंने कहा था कि झारखंड के पैसे से केंद्र सरकार अपनी जेब भर रही है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों के अपने-अपने कर्तव्य है और अधिकार है। दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। इस प्रकार का बयान देकर मुख्यमंत्री ने ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। संघीय ढांचे का अपमान किया है। प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर दोष गढ़ रहे है। जब से सरकार बनीं है विकास का एक भी कार्य नहीं हुआ है। केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए अनाज को भी राज्य सरकार जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचा पा रही है। आज किसी भी अस्पताल में उचित व्यवस्था नहीं है, निजी अस्पतालों में लूट मची है।
हेेेेेमंत सोरेन सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में खनिज संपदा की चोरी हो रही है, खनिज संपदा की तस्करी के कारण राज्य के राजस्व में कमी आ रही है। इसे रोकने में सरकार नाकाम रही है। खुद सत्ताधारी दल के विधायक आरोप लगा रहे हैं की खनिज संपदा की चोरी हो रही है। सरकार पहले अपने चेहरे को आईने में देखें।