Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा का झामुमो से सवाल, डूबती नाव पर कौन सवार होगा
Jharkhand. भाजपा के सात विधायकों के झामुमो के संपर्क में होने बयान पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि झामुमो पहले अपना घर संभाले। झामुमो का यह दावा हास्यास्पद है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर ने मुख्य विपक्षी दल झामुमो को निशाने पर लेते हुए कहा है कि झामुमो पहले अपना घर संभाले। उसकी डूबती नाव पर कौन सवार होगा? प्रवीण प्रभाकर ने कहा है कि झामुमो का यह दावा हास्यास्पद है कि भाजपा के सात विधायक उसके संपर्क में हैं। प्रभाकर ने सवाल किया कि झामुमो इतना घबराया हुआ क्यों है? अपने विधायकों पर अगर हेमंत सोरेन को इतना विश्वास है तो फिर विधायकों से मीडिया के सामने सफाई दिलवाने की हड़बड़ाहट क्यों हुई?
कहा कि जब से मीडिया में खबर आई है कि झामुमो के छह विधायक भाजपा में आना चाहते हैं, तब से झामुमो के अंदर बेचैनी है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य क्राइसिस मैनेजमेंट में लग गए हैं। अफरा-तफरी में प्रेस वार्ता बुला कर विधायकों को मीडिया के सामने पेश किया। फिर भी दो विधायक नहीं आए। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि स्पष्ट दिख रहा है कि झामुमो के अंदरखाने में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। झामुमो विधायक समझ चुके हैं कि हेमंत सोरेन का नेतृत्व तो महागठबंधन के नेता ही स्वीकार करने को तैयार नहीं, तो जनता क्या स्वीकार करेगी।
कहा कि यही बात भाजपा पहले राहुल गांधी के बारे में बोलती थी तो कांग्रेस को खराब लगता था। बाद में सच्चाई स्वीकार कर राहुल गांधी ने खुद ही कांग्रेस के अध्यक्ष पद से तौबा कर लिया। प्रभाकर ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य का विकास देखकर जनता पूरी तरह भाजपा के साथ है। आज महागठबंधन के दलों में भगदड़ मची हुई है। झामुमो ही नहीं, कांग्रेस और झाविमो भी संगठन को बिखरने से नहीं बचा पा रहे हैं। कांग्रेस के नए अध्यक्ष रामेश्वर उरांव तो सहयोगी दलों को ही चोर बता रहे हैं।