झारखंड सहायक कारापाल भर्ती की शारीरिक परीक्षा आज से, 56304 अभ्यर्थी होंगे शामिल
सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए शारीरिक मापदंड/दक्षता परीक्षा बुधवार से शुरू हो रही है। कुल 84 पदों के ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
84 सहायक कारापाल पदों के लिए शारीरिक जांच शुरू।
56,304 अभ्यर्थी रांची, हजारीबाग, गोड्डा में देंगे परीक्षा।
पुरुषों को 6 मिनट में 1600 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक मापदंड/दक्षता परीक्षा बुधवार से आयोजित होगी। कुल 84 पदों के लिए 56,304 अभ्यर्थी इसके लिए चयनित किए गए हैं। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने पहले ही इन अभ्यर्थियों की तिथिवार सूची जारी कर दी है।
यह जांच 13 नवंबर तक चलेगी। शारीरिक जांच के लिए क्षेत्र के अनुसार तीन बोर्ड का गठन रांची, हजारीबाग और गोड्डा में किया गया है। गोड्डा छोड़कर अन्य जगहों पर रिपोर्टिंग का समय सुबह छह बजे रखा गया है, जबकि 11.45 बजे गेट बंद हो जाएगा। गोड्डा में रिपोर्टिंग का समय सुबह पांच बजे है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को छह मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को यह दूरी 10 मिनट में पूरी करनी होगी। हर केंद्र पर रोजाना 100-100 अभ्यर्थियों के 20 बैच बनाकर लगभग दो हजार अभ्यर्थियों की जांच होगी। शारीरिक जांच परीक्षा केवल दक्षता परीक्षा है।
इसमें अभ्यर्थियों को कोई अंक नहीं मिलेगा। इसमें सफल अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में भाग लेंगे, जिसके बाद चिकित्सीय जांच भी होगी। नियम के अनुसार,शारीरिक परीक्षा में 50 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी पास होते हैं, तो प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्य परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के आधार पर अंतिम मेधा सूची तैयार होगी। बताते चलें कि कुल 84 पदों में 42 नियमित तथा इतने ही बैकलाग पदों पर नियुक्ति होनी है।
यहां होगी शारीरिक जांच परीक्षा
- पलामू एवं कोल्हान क्षेत्र के 25,215 अभ्यर्थियों के लिए : जैप वन ग्राउंड, डोरंडा, रांची
- हजारीबाग एवं कोयलांचल क्षेत्र के जिलों के 19,926 अभ्यर्थियों के लिए : कर्जन ग्राउंड (पुराना बस स्टैंड के पास), हजारीबाग
- संताल परगना एवं अन्य क्षेत्र के 11,163 अभ्यर्थियों लिए : राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जानगर, महागामा, गोड्डा।
यह भी पढ़ें- IIT खड़गपुर रचेगा इतिहास, देश का पहला 'फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्कूल' होगा शुरू; 35 करोड़ होंगे खर्च
