IIT खड़गपुर रचेगा इतिहास, देश का पहला 'फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्कूल' होगा शुरू; 35 करोड़ होंगे खर्च
आईआईटी खड़गपुर देश का पहला समर्पित फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्कूल स्थापित कर रहा है, जिस पर 35 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

आईआईटी खड़गपुर में खुलेगा भारत का पहला फिजिकल एआई स्कूल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर देश का पहला ऐसा समर्पित अकादमिक स्कूल स्थापित करने जा रहा है, जहां भौतिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता(फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पर पढ़ाई और शोध होगा। इस परियोजना पर 35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
संस्थान ने सोमवार को इसकी घोषणा की। संस्थान की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस संबंध में आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र विनोद गुप्ता तथा आईआईटी खड़गपुर फाउंडेशन, अमेरिका के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
विनोद गुप्ता के दिवंगत पुत्र बेंजामिन गुप्ता की स्मृति में इस स्कूल का नाम ‘बेंजामिन गुप्ता स्कूल ऑफ फिजिकल एआई’ रखा गया है। स्कूल में भौतिकी आधारित मशीन लर्निंग, वैज्ञानिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल ट्विन, बुद्धिमान रोबोटिक्स, स्वायत्त प्रणालियों, उन्नत संवेदन तकनीक और एआइ आधारित प्रयोगों पर काम होगा।
इसका उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना है, जो भरोसेमंद होने के साथ अपने निर्णयों की व्याख्या भी कर सके और जिम्मेदारी के साथ काम करे। खास तौर पर उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा, जहां छोटी-सी तकनीकी चूक भी गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है।
