विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SIR पर झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र: पहले दिन घमासान, 38% से अधिक मतदाताओं के नाम कटने या नोटिस का दावा

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:05 PM (IST)

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा हो रही है। राज्य सरकार का दावा है कि इस प्रक्रिया से 38% से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए या संदेहास्पद श्रेणी में रखे गए हैं।

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण पर घमासान।

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण पर घमासान।

HighLights

  1. 38% से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटे या संदेहास्पद।

  2. राज्य सरकार ने SIR प्रक्रिया रोकने का प्रस्ताव रखा।

  3. आदिवासी, प्रवासी, बुजुर्ग मतदाताओं को विशेष दिक्कतें।

राज्य ब्यराे, रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र की शुरुआत बुधवार से हो गई है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राज्य सरकार द्वारा तैयार राजकीय संकल्प ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।

इस संकल्प के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाई जा रही एसआईआर प्रक्रिया की दुरुहता, तकनीकी खामियों और उससे आम मतदाताओं को हो रही परेशानियों को केंद्र सरकार व अन्य सक्षम प्राधिकारों के समक्ष रखने की तैयारी है।

क्या हैं प्रमुख आंकड़े और आरोप?

राजकीय संकल्प में प्रस्तुत विवरण के अनुसार, झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान बड़े स्तर पर नाम हटने और संदेहास्पद श्रेणी में रखे जाने की स्थिति सामने आई है-

  • नाम कटने का दावा: राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रथम चरण के प्रारूप प्रकाशन में 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम प्रकाशित किए गए, यानी करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की बात कही गई है।
  • नोटिस और तार्किक विसंगतियां: प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित 2.21 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया। संकल्प के अनुसार, नोटिस के 75 प्रतिशत से अधिक मामले मात्र तार्किक विसंगतियों —जैसे माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र का अंतर या उत्तराधिकारियों की संख्या—से जुड़े हैं।
  • कुल प्रभावित दायरा: निष्कर्ष के तौर पर कहा गया है कि कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के नाम या तो सूची से हटाए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानकर नोटिस भेजा गया है।

jmm mla

झारखंड की भौगोलिक और सामाजिक चुनौतियां

संकल्प में इस बात पर जोर दिया गया है कि झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं, जिससे SIR की वर्तमान प्रक्रिया में व्यवहारिक कठिनाइयां बढ़ जाती हैं।

  1. आदिवासी व PVTG समुदाय: आदिवासी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) में जागरूकता और शिक्षा के स्तर की सीमाओं के चलते कई बार सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि यादृच्छिक (Randomly) रूप से दर्ज होती रही है। ऐसे में माता-पिता और संतान के बीच आयु के अंतर के आधार पर तार्किक विसंगति मानकर वैध मतदाताओं के प्रभावित होने की चिंता जताई गई है।
  2. प्रवासी मजदूर और छात्र: खेती-बाड़ी के मौसम या आजीविका की तलाश में बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रमिक (महिलाओं सहित) और विद्यार्थी दिल्ली, मुंबई, सूरत जैसे महानगरों व अन्य राज्यों या विदेशों में रहते हैं। प्रपत्र भरने या भौतिक रूप से उपलब्ध रहने में उन्हें कठिनाई हुई और परिवार के अनुपस्थित रहने पर नाम कटने की आशंका बनी।
  3. दस्तावेजों से जुड़ी दिक्कतें: कई बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र या पासपोर्ट जैसे दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और 'खतियान' को 11 सुझाए गए दस्तावेजों (Suggestive Documents) में शामिल न किए जाने तथा नाम की वर्तनी के कारण कई आवेदन लंबित रहने या संदेहास्पद सूची में जाने की बात कही गई है।
  4. बुजुर्ग, महिलाएं और प्रक्रियागत मुद्दे: 1987 से पहले जन्मे बुजुर्ग मतदाताओं से माता-पिता के दस्तावेज मांगे जाने, विवाह के बाद मायके-ससुराल की सूची या नाम (पिता/पति) के अंतर, विधवा व तलाकशुदा महिलाओं की जांच, BLO द्वारा कम समय में बड़ी संख्या में मतदाताओं तक पहुंचने की सीमा, स्मार्टफोन-OTP की दिक्कत और नाम गायब होने या बूथ बदलने जैसी समस्याएं भी गिनाई गई हैं।

पड़ोसी राज्य के उदाहरण और संवैधानिक तर्क

संकल्प में जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-16 और धारा-19 तथा संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत सार्वभौमिक मताधिकार का उल्लेख किया गया है। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश श्री उज्जल भुईयां की उस टिप्पणी का भी जिक्र है, जिसमें मताधिकार से वंचित करने वाली प्रक्रिया को संवैधानिक व्यवस्था के विरुद्ध बताया गया था।

पड़ोसी राज्य बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हुए SIR के दौरान 90 लाख से अधिक नाम हटने और ट्रिब्यूनल में लंबित अपीलों के संदर्भ का हवाला देते हुए झारखंड के लिए इसे और अधिक चुनौतीपूर्ण बताया गया है।

राज्य सरकार का प्रस्ताव

1. विशेष गहन पुनरीक्षण पर सैद्धांतिक सहमति होते हुए भी वर्तमान SIR प्रक्रिया पर रोक लगाकर इसके स्वरूप में यथोचित परिवर्तन किया जाए ताकि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत किसी योग्य मतदाता का मताधिकार प्रभावित न हो।
2. सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा के बाद पारदर्शी नियम और सरल, सर्वमान्य मानक संचालन प्रक्रिया तैयार होने के उपरांत ही नए सिरे से एसआईआर कराया जाए।

बुधवार से शुरू हुए विधानसभा के विशेष सत्र में इस विषय पर चर्चा और अनुसमर्थन के जरिए इसे केंद्र सरकार व सक्षम प्राधिकारों को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जानी है। आगे सत्ता पक्ष और भाजपा में इस इश्यू पर और टकराव होना तय माना जा रहा है।

speaker with cm

(विधान सभा-2026 के षष्ठ्म (विशेष सत्र) के पहले दिन के अवसर पर झारखंड विधान सभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधान सभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।