Jharkhand Assembly, Monsoon Session: झारखंड में 29 जुलाई से चार अगस्त तक विधानसभा का मानसून सत्र... कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा गया प्रस्ताव
Jharkhand Assembly Monsoon Session 2022 झारखंड में मानसून सत्र 29 जुलाई से चार अगस्त तक आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इससे संबंधित प्रस्ताव कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा गया है जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद राज्यपाल से अनुमति मिलते ही इसकी अधिकृत घोषणा की जाएगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly, Monsoon Session 2022 झारखंड में मानसून सत्र 29 जुलाई से चार अगस्त तक आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इससे संबंधित प्रस्ताव कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद राज्यपाल से अनुमति मिलते ही इसकी अधिकृत घोषणा की जाएगी। विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायक शिल्पी नेहा तिर्की के शपथ ग्रहण समारोह के बाद आलमगीर आलम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने मानसून सत्र में पक्ष-विपक्ष के विधायकों के सहयोग की उम्मीद जताते हुए कहा कि इस सत्र में विधायक अपने क्षेत्र के अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। प्रश्नों, ध्यानाकर्षण और शून्यकाल के माध्यम से विधायक अपने क्षेत्र हित व राज्य हित की समस्याओं को उठा सकते हैं।
आलमगीर ने कहा कि अभी ढाई साल का समय बचा है। यहां बजट के आधार पर काम होता है। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि झारखंड में सड़क-नाली-गली का निर्माण तेजी से हो रहा है और इसके लिए राज्य सरकार ने फंड जारी कर दिया है। कांग्रेस के कुछ विधायकों ने नए प्रखंड और अनुमंडल बनाने की मांग रखी है जिसपर चर्चा की जाएगी। आलमगीर ने कहा कि सरकार के साथ जितने भी मुद्दे हैं उनका निदान धीरे-धीरे ही सही, हो रहा है।
शिल्पी नेहा तिर्की को विधानसभा अध्यक्ष ने दिलाई शपथ
मांडर से नवनिर्वाचित विधायक शिल्पी नेहा तिर्की को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने विधानसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री रामेश्वर उरांव, बादल, हफीजुल हसन, पूर्व विधायक बंधु तिर्की व अन्य कई नेता कांग्रेस विधायक के साथ पहुंचे थे।
शिल्पी ने अंग्रेजी में शपथ ली। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण के साथ ही शिल्पी कांग्रेस की ओर से पांचवीं महिला विधायक हो गई हें। शिल्पी फिलहाल सबसे कम उम्र की विधायक भी हैं।
मांडर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बंधु तिर्की को आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी पाए जाने और सजा मिलने के बाद विधानसभा से सदस्यता गंवानी पड़ी थी। इसके बाद हुए उपचुनाव में नेहा ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर सीट पर कब्जा जमा लिया। शपथ ग्रहण को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता शमशेर आलम, रविंद्र सिंह, गुंजन सिंह आदि मौजूद थे।