सब जानते हैं, कांग्रेस ने 60 साल तक लूटा
रांची : विधानसभा में मोमेंटम झारखंड के आयोजन समेत प्रधानमंत्री के साहिबगंज दौरे और राज्य स्थापना
रांची : विधानसभा में मोमेंटम झारखंड के आयोजन समेत प्रधानमंत्री के साहिबगंज दौरे और राज्य स्थापना दिवस पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठे। प्रदीप यादव के इस सवाल को उनकी अनुपस्थिति में आलमगीर आलम ने उठाया। इसका उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। बोले-कांग्रेस के विधायक यह सवाल उठा रहे हैं। सारा देश जानता है कि कांग्रेस ने 60 साल तक देश को लूटा है। इसका कांग्रेस के विधायकों ने विरोध किया।
आलमगीर आलम ने कहा कि ऐसा उत्तर आएगा तो वे सवाल नहीं पूछेंगे। सुखदेव भगत और इरफान अंसारी ने भी विरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये स्थापना दिवस में नौ लाख का चाकलेट बांटे जाने को गलत कह रहे हैं। साठ साल तक कांग्रेस ने घोटाले किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार मोमेंटम झारखंड के आयोजन से राज्य सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने में सफलता पाई है। मोमेंटम झारखंड का हाथी उड़ रहा है। विपक्ष को भी गर्व होना चाहिए कि 700 करोड़ के निवेश समझौते पर काम शुरू हो चुका है। 19 अगस्त को जमशेदपुर के आदित्यपुर और गम्हरिया में 2200 करोड़ का निवेश होगा। इससे 600 लोगों को रोजगार मिलेगा। नवंबर माह में आइटी क्षेत्र में निवेश को बाहरी कंपनियां आएंगी। वे खुद हर महीने मोमेंटम झारखंड के दौरान हुए समझौते का रिव्यू करते हैं। सरकार की योजना है कि कोई भी युवक रोजगार के लिए राज्य के बाहर नहीं जाए। 700 करोड़ की लागत से स्किल डवलपमेंट का काम हो रहा है। चंपाई सोरेन ने इस बीच टोकते हुए कहा कि आदित्यपुर-गम्हरिया की 80 प्रतिशत कंपनियां बंद हैं। आलमगीर आलम ने पलटवार करते हुए कहा कि तीन लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर समझौता हुआ था। सरकार सिर्फ 700 करोड़ का ही निवेश अभी तक करा पाई है।
------------