रांची, आनलाइन डेस्क। झारखंड विधानसभा में आज सत्र के दौरान विपक्ष के विधायकों ने नियोजन नीति बिल की कॉपी फाड़ दी। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आसन के सामने पहुंचे। सदन में हंगामा होने लगा। भानु प्रताप शाही रिपोर्टिंग टेबल पर चढ़ गए। विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज के मुद्दे को उठाया था। सवाल का जवाब नहीं मिलने पर विपक्ष के सभी विधायक आसन के सामने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
विपक्षी विधायकों ने नियोजन नीति की कॉपियां फाड़ी। सदन में विपक्षी विधायक 'हेमंत सोरेन होश में आओ' के नारे लगा रहे हैं। सदन में शोर शराबे के बीच विधेयक पर चर्चा हो रही है। सदन में नियोजन नीति, नगरपालिका संशोधन विधेयक और माल एवं सेवा कर संशोधन विधेयक पास होने के बाद सदन गुरुवार को सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
इससे पूर्व झारखंड विधानसभा मानसून सत्र की कार्यवाही आज सुबह शुरू होने के बाद दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सत्ता पक्ष व विपक्ष के विधायकों द्वारा लगातार सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामे के कारण स्पीकर रविंद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में आदिवासी जमीन पर कब्जा और हस्तांतरण की शिकायत पर कहा कि राज्य सरकार गंभीर, विधानसभा कमेटी से कराई जाए जांच।
इससे पहले भाजपा विधायकों ने आसन के समक्ष जमकर नारेबाजी की। नमाज कक्ष का आवंटन रद, नियोजन नीति रद करने की मांग को लेकर खूब नारे लगाए। पहले अव्यवस्था के बीच प्रश्नकाल शुरू हुआ। इसके बाद समरी लाल ने कहा कि विधानसभा में नमाज कक्ष का आवंटन कर संविधान का अपमान किया जा रहा है। हम दलित समाज पर सत्ता पक्ष की ओर से अपमान किया जा रहा है। नमाज नीति को वापस लिया जाय।
बता दें कि कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने सदन के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बता दें कि विधानसभा में नमाज कक्ष आवंटन को लेकर विभिन्न जिलों से भाजपाई विधानसभा का घेराव भी करने वाले हैं। इसे लेकर विधानसभा परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। विधानसभा को आने वाली सड़क पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।