विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मरीजों पर दोहरी मार, झारखंड में एयर एंबुलेंस सेवा बंद; निजी कंपनियां वसूल रहीं दोगुना किराया

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:19 PM (IST)

झारखंड में सरकारी एयर एंबुलेंस सेवा नौ महीने से बंद है, जिससे गंभीर मरीजों के परिजनों को निजी कंपनियों से दोगुना किराया चुकाना पड़ रहा है। राज्य सरकार इस सेवा को जल्द बहाल करने की प्रक्रिया में है ताकि मरीजों को किफायती विकल्प मिल सके।

नौ महीने से ठप है सरकारी सेवा, पुन: बहाल करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में।

नौ महीने से ठप है सरकारी सेवा, पुन: बहाल करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में।

HighLights

  1. सरकारी एयर एंबुलेंस सेवा नौ महीने से ठप।

  2. निजी कंपनियां सरकारी दर से दोगुना किराया वसूल रही हैं।

  3. राज्य सरकार जल्द सेवा बहाल करने की प्रक्रिया में।

अमित सिंह, रांची। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में ले जाना झारखंड के लोगों के लिए महंगा साबित हो रहा है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी एयर एंबुलेंस सेवा पिछले नौ महीने से बंद है। इसका सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों की जेब पर पड़ रहा है। सरकारी सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी एयर एंबुलेंस कंपनियों की मदद लेनी पड़ रही है।

इसके लिए उन्हें सरकारी निर्धारित दर से लगभग दोगुनी राशि खर्च करनी पड़ रही है। रांची से दिल्ली तक मरीज को पहुंचाने के लिए निजी कंपनियां नौ से दस लाख रुपये तक वसूल रही हैं, जबकि सरकारी सेवा में इसके लिए पांच लाख रुपये निर्धारित थे।

राज्य सरकार ने अप्रैल 2023 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की थी। इसका उद्देश्य गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के गंभीर मरीजों को कम खर्च में बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों तक पहुंचाना था।

इसके तहत रांची से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, वाराणसी, लखनऊ और तिरुपति के लिए हवाई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। सरकारी दरों में अलग-अलग शहरों के लिए किराया निर्धारित था। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती थी।

निजी कंपनियों की दरें सरकारी किराये से काफी अधिक

सरकारी दरों के अनुसार रांची से मुंबई का किराया सात लाख, चेन्नई का आठ लाख, कोलकाता का तीन लाख, हैदराबाद का सात लाख, वाराणसी का 3.30 लाख, लखनऊ का पांच लाख और तिरुपति का आठ लाख रुपये निर्धारित था।

वहीं, निजी एयर एंबुलेंस कंपनियां मरीजों की जरूरत और विमान की उपलब्धता के अनुसार अधिक राशि ले रही हैं। पंचमुखी एयर एंड ट्रेन एंबुलेंस सर्विस के प्रतिनिधि के अनुसार रांची से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए मरीजों को ले जाने में लगभग नौ से दस लाख रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि हैदराबाद के लिए 13 से 14 लाख रुपये तक देने पड़ सकते हैं। ऐसे में पहले से इलाज के खर्च का बोझ उठा रहे परिवारों की परेशानी और बढ़ जाती है।

चतरा हादसे के बाद बंद हुई सरकारी सेवा

23 फरवरी 2026 को चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमटांड़ गांव के पास एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। रांची से दिल्ली जा रहे इस विमान में मरीज संजय कुमार, दो पायलट, एक चिकित्सक, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ यात्रा कर रहे दो अन्य लोग सवार थे।

हादसे में सभी सात लोगों की मौत हो गई थी। विमान दिल्ली की रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का था। दुर्घटना के बाद विमानन सुरक्षा और सेवा संचालन को लेकर सवाल उठे। जांच के बाद से सरकारी एयर एंबुलेंस सेवा दोबारा शुरू नहीं हो सकी है।

जल्द बहाल होगी सब्सिडी वाली सेवा

सरकारी एयर एंबुलेंस सेवा को दोबारा बहाल करने की दिशा में कार्रवाई चल रही है। जल्द ही प्रदेश के लोगों को पहले की तरह राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी के तहत एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि निजी एयर एंबुलेंस कंपनियों की ओर से दोगुना किराया वसूले जाने की कई शिकायतें विभाग को मिली हैं।
कैप्टन एसपी सिन्हा, नागर विमानन विभाग

रांची से विभिन्न शहरों का सरकारी एयर एंबुलेंस किराया

गंतव्य - निर्धारित किराया
नई दिल्ली - 5 लाख
मुंबई - 7 लाख
चेन्नई - 8 लाख
कोलकाता - 3 लाख
हैदराबाद - 7 लाख
वाराणसी - 3.30 लाख
लखनऊ - 5 लाख
तिरुपति - 8 लाख

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।