विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा, सियासी गलियारों में चर्चा तेज

Published: Sun, 14 Jun 2026 08:35 PM (IST)

झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसमें उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया है।

महाधिवक्ता राजीव रंजन। (फोटो- सोशल मीडिया)

महाधिवक्ता राजीव रंजन। (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. महाधिवक्ता राजीव रंजन ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया।

  2. नई सरकार ने महाधिवक्ता की नियुक्ति अधिसूचना जारी नहीं की थी।

  3. राजीव रंजन सरकारी वकीलों की टीम में बदलाव चाहते थे।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने से पहले वह मुख्य सचिव अविनाश कुमार के पास गए थे।

महाधिवक्ता ने अपने इस्तीफे में निजी कारणों से पद छोड़ने की बात कही है। उनका इस्तीफा स्वीकृत होने की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

महाधिवक्ता के इस्तीफे पर कई तरह की चर्चाएं हैं। वर्ष 2019 में झामुमो गठबंधन सरकार के गठन के बाद राज्य सरकार ने सात फरवरी 2020 को उन्हें महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था।

इसकी अधिसूचना भी जारी की गई थी। वर्ष 2024 में नई सरकार के गठन के बाद राजीव रंजन ने औपचारिक इस्तीफा दिया था, लेकिन राज्य सरकार ने उन्हें अगले आदेश तक काम करते रहने को कहा था।

नहीं जारी हुआ था नोटिफिकेशन

नई सरकार में उन्हें महाधिवक्ता नियुक्त करने की अधिसूचना अब तक जारी नहीं की गई थी। चर्चा इस बात की भी है कि महाधिवक्ता सरकारी वकीलों की अपनी टीम में कुछ बदलाव करना चाह रहे थे।

इसके लिए महाधिवक्ता कार्यालय ने सूची भी भेजी थी, लेकिन सरकार की ओर से भेजी गई सूची पर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही थी। कई जिलों के उपायुक्त शपथपत्र के लिए हाई कोर्ट या महाधिवक्ता के पास नहीं आ रहे थे।

वह अपने जिले से ही शपथपत्र तैयार कर भेज देते थे। इन सब कारणों से महाधिवक्ता के नाराज रहने की भी बात कही जा रही है। जबकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सीएमओ से फोन आने के बाद महाधिवक्ता ने मुख्य सचिव से मुलाकात की और इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

जानकारी के अनुसार, पद छोड़ने के बाद वरीय अधिवक्ता राजीव रंजन सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर सकते हैं। दिल्ली में उन्होंने अपना कार्यालय भी खोला है और महाधिवक्ता नियुक्त होने के पहले से वह दिल्ली शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- झारखंड में मरीजों को बड़ा झटका, 10-15% तक महंगी हुईं जीवनरक्षक दवाएं