विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में दुर्गा पूजा से पहले स्वास्थ्य कर्मियों को मिलेगा मानदेय व प्रोत्साहन राशि, अक्टूबर से HRIS से भुगतान

Published: Mon, 12 Oct 2026 07:15 PM (IST)

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने दुर्गा पूजा से पहले राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत कार्यरत सभी अनुबंध कर्मियों, ...और पढ़ें

अपर मुख्य सचिव ने दुर्गा पूजा को देखते हुए दिए निर्देश, कहा- पूजा में न हो आर्थिक समस्या।

अपर मुख्य सचिव ने दुर्गा पूजा को देखते हुए दिए निर्देश, कहा- पूजा में न हो आर्थिक समस्या।

HighLights

  1. दुर्गा पूजा से पहले स्वास्थ्य कर्मियों को मिलेगा सितंबर माह का मानदेय।

  2. अक्टूबर से एचआरआइएस प्रणाली द्वारा होगा मानदेय का भुगतान सुनिश्चित।

  3. राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के खर्च में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने दुर्गा पूजा को देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत कार्यरत सभी अनुबंध कर्मियों का सितंबर माह का मानदेय अविलंब भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सहिया को मिलनेवाली पारिश्रमिक राशि का भी भुगतान करने को कहा है।

साथ ही टीबी मरीजों को प्रतिमाह मिलनेवाली पोषण की राशि का भी पूजा से पहले भुगतान करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान में खर्च की स्थिति की समीक्षा के क्रम में ये निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में वर्तमान वित्तीय वर्ष में खर्च की स्थिति तथा विभिन्न पदों के पुनर्गठन की समीक्षा की गई।

अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि राज्य स्तर से लेकर जिला, प्रखंड और सहिया स्तर तक कार्यरत किसी भी कर्मी का वेतन लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी स्तर के कर्मियों को समय पर मानदेय उपलब्ध कराया जाए, ताकि आगामी पूजा-पर्व के दौरान उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अक्टूबर माह से मानदेय का भुगतान मानव संसाधन सूचना प्रणाली अर्थात एचआरआईएस के माध्यम से करने के निर्देश दिए। कहा कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया में रांची जिले को प्राथमिकता देते हुए वहां पहले भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

इसके बाद अन्य जिलों में भी भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि सभी कर्मियों को निर्धारित समय पर वेतन मिल सके। उन्होंने आउटसोर्स पर कार्यरत कर्मियों के भुगतान की प्रक्रिया में भी तेजी लाने तथा 10 दिनों के भीतर पदों के पुनर्गठन के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डा. नेहा अरोड़ा, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव, एनएचएम के अधिकारी उपस्थित थे।

खर्च में धीमी प्रगति पर नाराजगी, स्वास्थ्य मंत्री के जिले में भी कम खर्च

अपर मुख्य सचिव ने कई जिलों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी प्रकट की। खासकर गढ़वा और जामताड़ा जिलों में उपलब्ध कराई गई राशि के विरुद्ध कम खर्च होने पर असंतोष व्यक्त किया।

बताते चलें कि जामताड़ा स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का गृह जिला है। अपर मुख्य सचिव ने स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि उपलब्ध राशि का समय पर और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।