Jharkhand: नवरात्र में जन्मी कन्याओं को राजस्थान मित्र मंडल ने दिया 5100 रुपये का उपहार
Jharkhand Ranchi News बच्चियों को आर्थिक सहायता के साथ बेबी किट भी प्रदान किया गया। रांची के राजस्थान मित्र मंडल के अध्यक्ष अशोक पुरोहित के अनुसार ये सभी नौ कन्याएं नवरात्र के अलग-अलग तिथि में पैदा हुई थीं।
रांची, जासं। राजस्थान मित्र मंडल दुर्गा पूजा समिति की ओर से अनूठी परंपरा की शुरुआत की गई है। संस्था की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी बढ़ाओ अभियान के तहत नवरात्र में निर्धन परिवार में जन्म लेने वाली नौ कन्याओं के माता-पिता को 51-51 सौ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। परिजनों को पंडाल में बुलाकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया।
आर्थिक सहायता के साथ बेबी किट भी प्रदान किया गया। राजस्थान मित्र मंडल के अध्यक्ष अशोक पुरोहित के अनुसार ये नौ कन्याएं नवरात्र के अलग-अलग तिथि में पैदा हुई थीं। ऐसे परिवार का चयन किया गया जो आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं। चयन में समिति सदस्यों का बड़ा योगदान रहा। बेटियों की मदद में दान देने वालों में विनय सरावगी, किशोर साहू, पवन शर्मा, कमल अग्रवाल, गोपाल सिंह, प्रमोद बजाज, आनंद पुरोहित, अखिलेश सिंह, आलोक कुमार साहू, मंटू जालान आदि प्रमुख थे।