झारखंड में 12 राज्य पुलिस अधिकारियों की आईपीएस पदोन्नति की तैयारी, भेजी जाएगी यूपीएससी को अनुशंसा
झारखंड में राज्य पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों को आईपीएस में पदोन्नति के लिए विचार किया जा रहा है। इन ...और पढ़ें

पूर्व में भी यूपीएससी को भेजे गए थे अधिकतर के नाम, नहीं हो सका था विचार।
HighLights
झारखंड में 12 राज्य पुलिस अधिकारी IPS प्रोन्नति के लिए विचाराधीन।
पदोन्नति से पहले अधिकारियों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।
एक डीएसपी और चार इंस्पेक्टर 32 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में राज्य पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों को आइपीएस में प्रोन्नति पर विचार चल रहा है। इन अधिकारियों में शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, निशा मुर्मू, सुरजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी, राहुल देव बड़ाईक, खीस्टोफर केरकेट्टा, प्रभात रंजन बरवार, अनूप कुमार बड़ाईक, समीर कुमार तिर्की व हीरालाल रवि शामिल हैं।
इनमें से अधिकतर अधिकारियों का पूर्व में भी आइपीएस में प्रोन्नति के लिए नाम भेजा गया था लेकिन किसी कारण से उन्हें प्रोन्नति नहीं मिल सकी थी। एक बार फिर उनके नामों की अनुशंसा संघ लोक सेवा आयोग से की जानी है।
प्रस्ताव भेजने के पूर्व गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस मुख्यालय के माध्यम से सभी संबंधित जिलों के एसएसपी-एसपी, कमांडेंट आदि से इन अधिकारियों की जानकारी मांगी है।
कहीं किसी पर कोई विभागीय कार्यवाही, दंड, प्राथमिकी, कोई कानूनी कार्रवाई तो लंबित नहीं है। जिला व इकाइयों से रिपोर्ट मिलने के बाद गृह विभाग उसकी समीक्षा करेगा और उसके बाद उनके नामों की अनुशंसा यूपीएससी बोर्ड से की जाएगी।
एक डीएसपी व चार इंस्पेक्टर सेवानिवृत्त
वर्ष 1994 बैच में दारोगा में बहाल पांच अधिकारी मंगलवार को 32 साल की नौकरी के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इन पांच अधिकारियों में एक डीएसपी व चार इंस्पेक्टर के पद पर हुए थे प्रोन्नत।
जो सेवानिवृत्त हुए हैं, उनमें डीएसपी कुलदीप टोप्पो के अलावा पुलिस निरीक्षक रंजीत सिन्हा, सुधीर पोद्दार, नंद किशोर साह व रामाकांत ओझा शामिल हैं। सभी सेवानिवृत्त होने वाले पदाधिकारियों को उनके बैच के साथियों ने बधाई के साथ नई पारी के लिए शुभकामनाएं दी है।
