स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आश्वासन के बाद टला संकट, 108 एंबुलेंस कर्मियों ने स्थगित किया आंदोलन
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आश्वासन के बाद 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया है। कर्मियों ...और पढ़ें

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी (फाइल फोटो)
HighLights
स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन पर 108 एंबुलेंस कर्मियों का आंदोलन स्थगित।
वेतन भुगतान और सुविधाओं की कमी को लेकर कर्मियों की शिकायतें।
मंत्री ने जांच का भरोसा दिया, 20 दिन की मोहलत।
राज्य ब्यूरो, रांची। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आश्वासन के बाद 108 एंबुलेंस के कर्मियों ने अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया है। कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। मंत्री ने बुधवार को कर्मियों की समस्याओं पर विभागीय पदाधिकारियों तथा संचालक एजेंसी के प्रतिनिधि और 108 एंबुलेंस के कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की, जिसमें एंबुलेंस के संचालन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान एंबुलेंस कर्मियों ने पूर्व में संचालन एजेंसी द्वारा किए गए वादों को पूरा नहीं करने, वेतन का समय पर भुगतान नहीं होने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत की। कर्मियों ने कहा कि पूर्व में किए गए आश्वासनों के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
कुछ चालक और अन्य कर्मियों की कार्य में रुचि नहीं
वहीं, संचालन एजेंसी के प्रतिनिधियों ने कर्मियों की शिकायतों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कुछ चालक और अन्य कर्मियों की कार्य में रुचि नहीं होने के कारण उनका स्थानांतरण किया गया है।
एजेंसी के प्रतिनिधियों ने वेतन का भुगतान नहीं किए जाने या कम भुगतान किए जाने संबंधी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि कर्मियों को नियमानुसार वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री ने कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी मामलों की जांच कराने का आश्वासन दिया। विशेष रूप से स्थानांतरित किए गए कर्मियों के मामलों की जांच का आश्वासन दिया गया। आश्वासन के बाद कर्मियों ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।
छह अक्टूबर से फिर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने कहा कि 20 दिनों के अंदर सरकार कर्मचारियों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करेगी तो छह अक्टूबर से फिर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं डा. सिद्धार्थ सान्याल आदि भी उपस्थित थे।
