जमशेदपुर बना झारखंड का सबसे स्वच्छ शहर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जमशेदपुर को झारखंड का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्य ...और पढ़ें

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की सूची में राज्य की पहचान, नगर विकास सचिव ने लिया पुरस्कार।
HighLights
जमशेदपुर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में झारखंड का सबसे स्वच्छ शहर।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नगर विकास सचिव को पुरस्कार दिया।
यह उपलब्धि शहरी स्वच्छता में राज्य के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राज्य ब्यूरो, रांची। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कारों में जमशेदपुर ने राज्य के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्य के नगर विकास सचिव सुनील कुमार को आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित समारोह में बुधवार को इसके लिए पुरस्कार दिया।
केंद्रीय मंत्रालय के सर्वेक्षण में झारखंड की तरफ से जमशेदपुर को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी घोषित किया गया है। यह उपलब्धि शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों के शहरों के प्रदर्शन के बीच जमशेदपुर का यह स्थान दूसरे शहरों को लिए प्रेरक हो सकता है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत जारी सूची में प्रत्येक राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का चयन किया गया है। जमशेदपुर को प्राप्त यह सम्मान शहर में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
इस उपलब्धि को हासिल करने में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मंत्रालय ने बताया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न शहरों की विस्तृत राष्ट्रीय रैंकिंग एवं अन्य श्रेणियों के परिणाम शीघ्र ही जारी किए जाएंगे।
वहीं पड़ोसी बिहार में पटना, पश्चिम बंगाल में तारकेश्वर और ओडिशा में भुवनेश्वर को अपने-अपने राज्यों का पहला स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।
दूसरे नगर निकायों के लिए भी प्रेरक बना झारखंड
नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग के साथ शहरी नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं बेहतर जीवन-पर्यावरण उपलब्ध कराना भी है।
जमशेदपुर को प्राप्त यह सम्मान राज्य के लिए गौरव का विषय है तथा अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। विभाग ने इसे राज्य सरकार, नगर निकायों, संबंधित संस्थाओं, स्वच्छता कर्मियों एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।