JMM से निष्कासित जेपी पटेल भाजपा में होंगे शामिल, 23 को ग्रहण करेंगे सदस्यता
Jharkhand BJP. सदस्यता ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर भी उपस्थित रहेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के निष्कासित विधायक जय प्रकाश भाई पटेल के भाजपा में शामिल होने को लेकर सस्पेंस अब समाप्त हो गया है। पटेल 23 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर भी उपस्थित रहेंगे। मांडू विधायक जय प्रकाश भाई पटेल के बगावती तेवर को देखते हुए झामुमो ने उन्हें अप्रैल माह में पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया था।
लोकसभा चुनाव के दौरान ही यह स्पष्ट हो गया था कि पटेल भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान एनडीए के पक्ष में प्रचार करने की बात भी कही थी। झामुमो को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बताते हुए कहा था कि वहां सिर्फ बाप और बेटे की ही चलती है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से पूर्व दलबदल का खेल जोरों पर चल रहा है। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के विधायक प्रकाश राम हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। कांग्रेस और झामुमो के कई अन्य विधायक भी भाजपा के संपर्क में हैं और वे इसी सप्ताह इसकी सदस्यता ग्रहण करेंगे।