मैट्रिक-इंटर की परीक्षा देना होगा महंगा, जैक ने फिर बढ़ाया शुल्क; छात्रों पर बढ़ा 40 प्रतिशत बोझ
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के शुल्क में ₹120 की बढ़ोतरी की है। ...और पढ़ें

लगातार दूसरे वर्ष परीक्षा शुल्क में 120 रुपये की बढ़ोतरी।
HighLights
जैक ने मैट्रिक-इंटर परीक्षा शुल्क में ₹120 की वृद्धि की।
दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में लगभग 40% की बढ़ोतरी हुई।
विलंब शुल्क के साथ छात्रों को ₹500 अतिरिक्त देने होंगे।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए शुल्क में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अब पिछले वर्ष की तुलना में 120 रुपये अधिक देने होंगे।
खास बात यह है कि लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क बढ़ाया गया है। पिछले दो वर्षों में हुई बढ़ोतरी को देखें तो विद्यार्थियों पर परीक्षा का आर्थिक बोझ करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ चुका है।
जैक की ओर से जारी नई शुल्क सूची के अनुसार, वर्ष 2027 की मैट्रिक परीक्षा के लिए नियमित और आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क 1,100 रुपये देने होंगे। वहीं, सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के विद्यार्थियों के लिए यह राशि 1,300 रुपये निर्धारित की गई है। निजी श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए भी 1,300 रुपये शुल्क तय किया गया है।
इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए भी इसी तरह शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। नियमित और ओबीसी, एससी व एसटी श्रेणी के विद्यार्थियों को 1,220 रुपये देने होंगे, जबकि सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1,520 रुपये होगा। निजी श्रेणी के विद्यार्थियों पर भी यही शुल्क लागू होगा।
लगातार दूसरे साल बढ़े 120 रुपये
पिछले दो वर्षों के शुल्क पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में मैट्रिक के लिए नियमित और आरक्षित श्रेणी का शुल्क 740 रुपये था, जो 2026 में बढ़ाकर 980 रुपये और अब 2027 में 1,100 रुपये कर दिया गया है। सामान्य और निजी श्रेणी का शुल्क भी 940 रुपये से बढ़कर 1,180 रुपये और अब 1,300 रुपये हो गया है।
इसी तरह इंटरमीडिएट में नियमित और आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों का शुल्क 2025 में 910 रुपये था। इसे 2026 में 1,100 रुपये और अब 1,220 रुपये कर दिया गया है। सामान्य और निजी श्रेणी के विद्यार्थियों का शुल्क 1,210 रुपये से बढ़कर 1,400 रुपये और अब 1,520 रुपये हो गया है।
विलंब शुल्क के साथ 500 रुपये अतिरिक्त
निर्धारित समय के बाद परीक्षा फॉर्म भरने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा। जैक ने विलंब शुल्क के रूप में सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों के लिए 500 रुपये अतिरिक्त निर्धारित किए हैं। इस तरह मैट्रिक में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को विलंब शुल्क के साथ 1,800 रुपये और इंटर में 2,020 रुपये तक देने होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।