विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देशभर में चेन छिनतई करने वाला स्नैचर रांची में गिरफ्तार, बरियातू में महिला से चेन लूटकर भाग रहा था

By Prince KumarEdited By: Mansi Kumari
Published: Tue, 04 Aug 2026 11:58 AM (IST)Updated: Tue, 04 Aug 2026 04:40 PM (IST)

रांची पुलिस ने देशभर में चेन छिनतई करने वाले एक अंतरराज्यीय अपराधी प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया है। यह अपराधी ...और पढ़ें

रांची पुलिस ने अंतरराज्यीय चेन स्नैचर को दबोचा। जागरण

रांची पुलिस ने अंतरराज्यीय चेन स्नैचर को दबोचा। जागरण

HighLights

  1. रांची पुलिस ने अंतरराज्यीय चेन स्नैचर को दबोचा।

  2. आरोपी दिल्ली से चोरी की बाइक से करता था छिनतई।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची पुलिस ने शहर में हुई चेन छिनतई की घटना का खुलासा करते हुए ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो अपने साथी के साथ देश के अलग-अलग राज्यों में घूम-घूमकर चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित द्वारा इस्तेमाल की जा रही बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी और इसी वाहन का इस्तेमाल झारखंड के अलावा पंजाब के लुधियाना और मोहाली और अन्य शहर और राज्यों में भी छिनतई की घटनाओं में किया गया था।

इस कार्रवाई से रांची पुलिस ने न केवल हालिया घटना का खुलासा किया, बल्कि अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह की गतिविधियों का भी पर्दाफाश किया है।

दरअसल,रविवार की सुबह बरियातू थाना क्षेत्र के जोड़ा तालाब स्थित इंद्रप्रस्थ कालोनी में एक बुजुर्ग महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने की चेन छीन ली थी। अपराधियों ने महिला के कान की बाली भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके।

घटना के वक्त बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश कुमार रजक उस समय स्कूटी से इलाके में गश्त कर रहे थे। संदिग्ध बाइक सवारों पर नजर पड़ते ही उन्होंने उनका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आते देख दोनों आरोपित तेज रफ्तार से भागने लगे।

इसी दौरान सामने पुलिस की एक जीप दिखाई देने पर बाइक चालक संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया। मौके का फायदा उठाते हुए थाना प्रभारी ने एक आरोपित को दबोच लिया, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।

गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र स्थित मस्तगढ़ गांव निवासी प्रवीण कुमार के रूप में बताई। उसके कब्जे से हाल में छीनी गई सोने जैसी एक चेन बरामद की गई। साथ ही जिस बाइक से वह घटना को अंजाम दे रहा था, उसकी जांच में पता चला कि वाहन दिल्ली से चोरी किया गया था।

बाइक मालिक ने कहा- बार बार छिनतई कमी घटना के लिए आता है फोन

पुलिस ने जब जब्त बाइक का रिकार्ड खंगाला तो उससे जुड़े मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। फोन उठाने वाले दिल्ली निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी बाइक कुछ महीने पहले चोरी हो गई थी। उसने यह भी कहा कि अक्सर उसके पास ऐसे फोन आते रहते हैं, जिनमें उसकी बाइक से छिनतई की घटनाएं होने की जानकारी दी जाती है। इस बार पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है।

आरोपित ने किया खुलासा पूरे देश में करता है छिनतई

पूछताछ में प्रवीण ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ घर से निकलता है और देश के अलग-अलग राज्यों में घूमकर चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित इससे पहले रांची के सदर और लालपुर थाना क्षेत्रों में भी चेन छिनतई की घटना कर चुका है।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इसी बाइक का इस्तेमाल पंजाब के लुधियाना और मोहाली में भी अपराध करने के लिए किया गया था। रांची पुलिस के अनुसार, आरोपित के फरार साथी की तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है।

उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

सद्दाम के बाद दूसरा बड़ा चेन स्नैचर हुआ गिरफ्तार

गौरतलब है कि हाल के दिनों में रांची पुलिस ने शहर के कुख्यात चेन स्नैचर सद्दाम को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जिसके बाद कई मामलों का खुलासा हुआ था। अब अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय इस आरोपित की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। एसएसपी राकेश रंजन का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी में जो भी पुलिसकर्मी शामिल थे उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।