पर्यटन का बदला पैटर्न, अब एडवेंचर के लिए नेपाल जा रहे युवा Ranchi News
Jharkhand. धर्म व आस्था में विश्वास करनेवाले भारतीय पर्यटकों का तरीका अब बदल गया है। अब वे नेपाल एडवेंचर के लिए जाते हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। धर्म व आस्था में विश्वास करनेवाले भारतीय पर्यटक पहले से ही नेपाल जाते थे, लेकिन हाल के दिनों में यह पैटर्न बदला है। अब सबसे ज्यादा युवा एडवेंचर के लिए नेपाल पहुंच रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल पर्यटकों की संख्या 25 फीसद बढ़ी है। नेपाल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 2020 में विजिट नेपाल अभियान चलाया जा रहा है। इसका प्रचार भारत के महत्वपूर्ण शहरों में किया जा रहा है।
नेपाल पर्यटन बोर्ड के प्रबंधक रोहिनी प्रसाद खनाल ने बुधवार को रांची में प्रेसवार्ता के दौरान यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस साल करीब दो लाख भारतीय पर्यटक नेपाल पहुंचे थे। इसमें 25 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। इसको देखते हुए नेपाल सरकार ने करीब 100 जगहों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है और उस पर कार्य भी चल रहा है। नेपाल का पोखरा शहर पर्यटन की राजधानी है, जहां पर झील के साथ-साथ पहाड़ों की शृंखला दिखती है।
हाल के दिनों में भारत से सबसे ज्यादा युवा वहां पहुंचे है। युवा नेपाल में एडवेंचर का अनुभव लेने में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। पशुपति मंदिर, मनोकामना मंदिर और लुंबनी में लोग धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए जाते थे, लेकिन समय बदल रहा है और अब लोग पाथीभुरा, चितवन वाइल्ड लाइफ देखने जा रहे हैं। पिछले छह माह से यहां के 100 से ज्यादा नए पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। इस दौरान नेपाल पर्यटन बोर्ड के अधिकारी सागर उपाध्याय और अर्जुन चड्ढा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।