लोको पायलट, टीटीई सहित आठ श्रेणियों के रेलवे कर्मचारियों की वर्दी का होगा मानकीकरण, 18 नवंबर को निर्णय
रेलवे बोर्ड 18 नवंबर को नई दिल्ली में कर्मचारियों की वर्दी के डिजाइन और मानकीकरण को अंतिम रूप देने के ...और पढ़ें

रेल भवन, नई दिल्ली के पंचवटी में सुबह 11 बजे निर्धारित की गई बैठक।
HighLights
18 नवंबर को नई दिल्ली में वर्दी डिजाइन पर बैठक।
आठ श्रेणियों के रेलवे कर्मचारियों की वर्दी पर चर्चा।
कर्मचारी संगठनों AIRF, NFIR से लिए जाएंगे सुझाव।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची रेलवे कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियों की वर्दी के डिजाइन और मानकीकरण को अंतिम रूप देने की दिशा में रेलवे बोर्ड ने पहल की है। इस संबंध में 18 नवंबर को सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित रेल भवन के पंचवटी में बैठक निर्धारित की गई है।
बैठक में रेलवे कर्मचारियों की अलग-अलग श्रेणियों के लिए वर्दी के डिजाइन और उसके मानकीकरण पर विचार किया जाएगा। वर्दी को अंतिम रूप देने से पहले मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के सुझाव और विचार भी लिए जाएंगे।
रेलवे बोर्ड की ओर से वर्दी के मानकीकरण और डिजाइन को अंतिम रूप देने के लिए यह बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें रेलवे कर्मचारियों की आठ श्रेणियों की वर्दी पर चर्चा होगी। इनमें लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) कर्मचारी, स्टेशन मास्टर, ट्रेन टिकट परीक्षक (टीटीई), ईसीआरसी, नर्सिंग कर्मचारी और ट्रेन क्लर्क शामिल हैं।
रेलवे बोर्ड ने इस प्रक्रिया में कर्मचारी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही है। पत्र में आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआइआरएफ) और नेशनल फेडरेशन आफ इंडियन रेलवेमेन (एनएफआइआर) से वर्दी के संबंध में सुझाव और विचार प्राप्त करने का उल्लेख किया गया है। वर्दी को अंतिम रूप देने से पहले इन दोनों मान्यता प्राप्त फेडरेशनों के विचार लिए जाएंगे।
रेलवे बोर्ड की उप निदेशक स्थापना (एलआर) साधना अग्रवाल की ओर से जारी पत्र में एआइआरएफ और एनएफआइआर के महासचिवों से बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया गया है। बैठक का उद्देश्य विभिन्न श्रेणियों के रेलवे कर्मचारियों की वर्दी के डिजाइन और मानकीकरण को अंतिम रूप देना है।