यात्रीगण कृपया ध्यान दें... रांची से हजारीबाग होते पटना तक जाएगी विंटर स्पेशल ट्रेन
Ranchi Patna Winter Special Train. 8 दिसंबर से विंटर स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ होगा, यह ट्रेन रांची से रात 11 बजे प्रस्थान करेगी।
रांची/कोडरमा, जेएनएन। रेलवे बोर्ड से कोडरमा बरकाकाना नई रेलवे लाइन को एक एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिली है। यह साप्ताहिक ट्रेन रांची से पटना तक चलेगी। इसका शुभारंभ 8 दिसंबर से होगा। रेलवे बोर्ड द्वारा उक्त आशय का पत्र सोमवार को निर्गत कर दिया गया है। उक्त ट्रेन रांची से खुलकर मुरी, बरकाकाना जंक्शन, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, गया, जहानाबाद होते हुए पटना तक जाएगी।
उक्त विंटर स्पेशल ट्रेन सप्ताह में 2 दिन शनिवार एवं रविवार को चलेगी। 8 दिसंबर से 29 दिसंबर तक उक्त ट्रेन अप में चार फेरे और 9 दिसंबर से 30 दिसंबर तक डाउन में चार फेरे में चलेगी। इस दौरान प्रत्येक सप्ताह शनिवार को ट्रेन रांची से रात्रि 23.55 बजे खुलेगी जो मुरी 1.15 बजे, बरकाकाना जंक्शन 2.30 बजे हजारीबाग टाउन 3.40 बजे, कोडरमा 5.20 बजे, गया जंक्शन 7.00 बजे जहानाबाद 8.15 बजे व पटना 9.30 बजे पहुंचेगी।
वहीं पटना से गया ट्रेन 10.30 बजे रविवार को खुलेगी जो 11.30 बजे जहानाबाद, 12.40 बजे गया, 14.00 बजे कोडरमा, 15.30 बजे हजारीबाग टाउन, 18.15 बजे बरकाकाना जंक्शन, 19.50 बजे मुरी और 21.30 बजे रांची पहुंचेगी। उप ट्रेन में कुल 15 कोच होंगे। मालूम हो कि हजारीबाग सांसद सह केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा हजारीबाग से ट्रेन सेवा शुरू करने को लेकर सक्रिय रहे हैं। उन्होंने यहां से ट्रेन चलवाने के लिए रेल मंत्रालय को कई पत्र भी लिखे हैं।