रांची में T-20 का जबरदस्त क्रेज: 17 मिनट में सोल्ड आउट हुए सारे ऑनलाइन टिकट, काउंटरों पर लंबी कतारें
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची में होने वाले टी-20 मुकाबले के ऑनलाइन टिकट महज 17 मिनट ...और पढ़ें

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के ऑनलाइन टिकट 17 मिनट में बिके, जबरदस्त उत्साह (PTI)
HighLights
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के ऑनलाइन टिकट 17 मिनट में बिक गए।
पहले दिन कुल 8033 टिकट बिके, काउंटर पर भी भारी भीड़।
वैभव सूर्यवंशी को देखने बिहार से भी प्रशंसक रांची पहुंचे।
जागरण संवाददाता, रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच नौ अक्टूबर को जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। सोमवार को ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होने के महज 17 मिनट में ही सभी टिकट बिक गए।
कुल 4022 टिकट ऑनलाइन बेचे गए। वहीं, जेएससीए स्टेडियम के टिकट काउंटर से 4011 टिकटों की बिक्री हुई। इस तरह पहले दिन कुल 8033 टिकट बिके। टिकटों की जबर्दस्त मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनट में सभी टिकट समाप्त हो गए।
काउंटर से 1600, 2000, 2500 रुपये कीमत वाले टिकट उपलब्ध थे। महंगे टिकटों की बिक्री काउंटर से नहीं हो रही थी। जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि प्रयाप्ता मात्रा में टिकट उपलब्ध है। दर्शकों को घबराने की जरूरत नहीं है। मंगलवार को भी सुबह नौ बजे काउंटर से टिकटों की ब्रिकी होगी।
भारतीय टीम के मुकाबले को लेकर रांची के साथ-साथ बिहार के क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की एक झलक पाने और उन्हें भारतीय टीम की ओर से खेलते देखने की उम्मीद में बिहार से भी कई क्रिकेट प्रेमी टिकट खरीदने रांची पहुंचे।
टिकट काउंटर पर भी सुबह से ही क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ लगी रही। कई लोग परिवार और दोस्तों के साथ टिकट लेने पहुंचे थे। सात अक्टूबर को दोनों टीमें लखनऊ से रांची पहुंचेंगी।
काउंटर पर भी सुबह से लगी रही कतार
ऑनलाइन टिकट कुछ ही मिनट में बिक जाने के बाद काउंटर से टिकट लेने वालों में भी उत्साह कम नहीं हुआ। स्टेडियम में बनाए गए टिकट काउंटर पर सुबह से ही क्रिकेट प्रेमियों की कतार लगी रही।
लोगों का कहना था कि भारत का मुकाबला स्टेडियम में बैठकर देखने का मौका वे गंवाना नहीं चाहते। वैभव सूर्यवंशी के संभावित प्रदर्शन को लेकर युवाओं में विशेष उत्सुकता दिखी।
स्टेडियम से पार्किंग तक सुरक्षा का घेरा
मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। स्टेडियम परिसर के साथ प्रवेश और निकास द्वार, आसपास के मार्ग और पार्किंग स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीजी अभियान मनोज कौशिक ने सोमवार को जेएससीए स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम के प्रवेश और निकास द्वार, दर्शक दीर्घा, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था देखी।
अधिकारियों से भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों को मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक नहीं होने देने का निर्देश दिया गया।
नौ अक्टूबर को होगा मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला नौ अक्टूबर को जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
पहले ही दिन 8033 टिकट बिकने से साफ है कि मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का जुनून चरम पर है। मैच के दिन स्टेडियम के खचाखच भरे रहने की उम्मीद है। स्टेडियम की क्षमता 38 हजार के करीब है।
