विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में भारत-वेस्टइंडीज T20 का खुमार पड़ा फीका: लखनऊ से 4 गुना महंगा टिकट, ₹1600 से शुरुआत; सुस्त पड़ी बिक्री

Published: Wed, 07 Oct 2026 12:44 PM (GMT+05:30)

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के टिकट लखनऊ की तुलना में चार गुना महंगे हैं, जिसकी शुरुआत ₹1600 से हो ...और पढ़ें

रांची में भारत-वेस्टइंडीज T20 का खुमार पड़ा फीका

रांची में भारत-वेस्टइंडीज T20 का खुमार पड़ा फीका

HighLights

  1. रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 टिकट लखनऊ से चार गुना महंगे।

  2. सबसे सस्ता टिकट ₹1600, जबकि लखनऊ में ₹399 से शुरू।

  3. महंगे टिकटों के कारण बिक्री धीमी, केवल 18,000 टिकट बिके।

आदिल हसन, रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का रोमांच शुरू हो चुका है, लेकिन स्टेडियम में बैठकर मैच देखने के लिए दर्शकों की जेब पर पड़ने वाला बोझ हर शहर में अलग है। टिकट दरों की तुलना में रांची सबसे महंगा पड़ रहा है। 

छह अक्टूबर को लखनऊ में हुए पहले मुकाबले के लिए टिकट की शुरुआत महज 399 रुपये से हुई, जबकि नौ अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 के लिए सबसे सस्ता टिकट ही 1600 रुपये का है।

यानी शुरुआती टिकट की तुलना करें तो रांची में दर्शक को लखनऊ की तुलना में 1201 रुपये अधिक खर्च करना पड़ रहा है। रांची में टिकट की कीमत अलग-अलग श्रेणियों में बढ़ते हुए 18 हजार रुपये तक पहुंच रही है। हालांकि बेंगलुरु में आतिथ्य श्रेणी के टिकट 15 से 17 हजार रुपये तक होने की जानकारी है, लेकिन सामान्य शुरुआती टिकट के मामले में रांची सबसे महंगा है।

रांची में 1600 से 18 हजार तक का टिकट

जेएससीए की ओर से जारी आधिकारिक दरों के अनुसार ईस्ट और वेस्ट हिल का टिकट 1600 रुपये है। विंग ए और सी अपर टियर 2000, विंग बी अपर टियर 2500, विंग ए और सी लोअर टियर 3000 तथा विंग बी लोअर टियर का टिकट 3500 रुपये है।

अमिताभ चौधरी पवेलियन का प्रीमियम टेरेस 4500 रुपये, कॉरपोरेट बॉक्स 8000 रुपये, एमएस धोनी पवेलियन का लक्जरी पार्लर 10 हजार रुपये और कॉरपोरेट लाउंज 15 हजार रुपये का है। सबसे महंगा टिकट प्रेसिडेंट्स एनक्लोजर का है, जिसकी कीमत 18 हजार रुपये है।

लखनऊ में 399, इंदौर में 1000 से टिकट शुरू

छह अक्टूबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुए पहले टी-20 के टिकट 399 रुपये से शुरू हुए। प्रीमियम और आतिथ्य श्रेणी के टिकट 13,500 रुपये तक रहे। 

11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले तीसरे मुकाबले के लिए शुरुआती टिकट करीब 1000 रुपये से है। पवेलियन श्रेणी में टिकट 5500 से 8500 और आतिथ्य श्रेणी में 11 हजार से 12,500 रुपये तक है।

14 अक्टूबर को हैदराबाद और 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होने वाले मुकाबलों के लिए उपलब्ध जानकारी के अनुसार शुरुआती टिकट क्रमश करीब 750 और 1200 रुपये से शुरू होने की संभावना है। इन दोनों स्थानों की अंतिम श्रेणीवार दरें संबंधित क्रिकेट संघ की बिक्री व्यवस्था के अनुसार तय होंगी।

चार लोगों के टिकट पर 6400 रुपये

रांची में परिवार के चार सदस्य मैच देखने जाते हैं तो सबसे सस्ती श्रेणी में भी केवल टिकट पर 6400 रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग शुल्क, कर और आने-जाने का खर्च अलग होगा। वहीं लखनऊ में शुरुआती दर के हिसाब से चार टिकट की कीमत महज 1596 रुपये बैठती है। महंगे टिकट होने का असर ब्रिकी पर देखने को मिला।

महंगा टिकट होने के कारण दो दिन में सिर्फ 18 हजार टिकट ही बिके

महंगे टिकट होने का असर ब्रिकी पर देखने को मिला। पहले जहां रांची में मैच होने पर दो दिन से कम समय में पूरे टिकट बिक जाते थे। वहां पहले दिन ऑनलाइन और काउंटर से मिलाकर आठ हजार के करीब ही टिकट बिके। दूसरे दिन मंगलवार को करीब 10,200 टिकटों की बिक्री हुई। इसमें काउंटर के अलावा जेएससीए सदस्यों और संबद्ध जिलों के टिकट भी शामिल हैं। दूसरे दिन काउंटर के बाहर टिकट खरीदने वाले दर्शकों की भीड़ कम दिखी।

एक अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार टिकट के दरें महंगी होने के कारण बिक्री उम्मीद से कम हुई है। इसलिए बुधवार को जेएससीए दोबारा ऑनलाइन टिकट बेचेगा, लेकिन काउंटर बंद रहेंगे। जेएससीए स्टेडियम की क्षमता 38 हजार दर्शकों से अधिक है।

यह भी पढ़ें- रांची में क्रिकेट सितारों की खास दावत, धुसका से लेकर लिट्टी-चोखा तक... सभी चखेंगे झारखंड का स्वाद