विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs WI: कई IPS और DSP की मैच में लगी ड्यूटी, सुबह 6 से रात 11 बजे तक रांची में बड़े वाहनों की नो-एंट्री

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:00 AM (IST)

रांची के जेएससीए स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच के लिए व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई है।

जेएससीए स्टेडियम, रांची। (जागरण)

जेएससीए स्टेडियम, रांची। (जागरण)

HighLights

  1. मैच के लिए कई आईपीएस और दर्जनों डीएसपी तैनात।

  2. सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर रोक।

  3. दर्शकों के लिए गेट के अनुसार अलग-अलग पार्किंग स्थल।

जागरण संवाददाता, रांची। जेएससीए स्टेडियम में शुक्रवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी 20 क्रिकेट मैच को लेकर सुरक्षा में कई आईपीएस व दर्जनों डीएसपी तैनात किए गए हैं।

यातायात पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग गेट के अनुसार पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

दर्शकों को पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के बाद पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा। मैच के दिन सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।

ऐसे वाहन रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसकी पूरी मॉनीटरिंग एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं।

टिकट के गेट के अनुसार यहां पार्क करें वाहन

साउथ गेट और साउथ ईस्ट गेट के टिकट वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे। पार्किंग भरने पर डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थामस स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

वेस्ट गेट के दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या सैम्बो कैंप मोड़ होते हुए सखुआ मैदान पार्किंग पहुंचेंगे। यहां जगह नहीं मिलने पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की पार्किंग में वाहन खड़ा किया जा सकेगा।

नया सराय और रिंग रोड की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए हाईकोर्ट के सामने हेलीपैड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था है। यहां से तिरिल मोड़ होते हुए नार्थ गेट तक पैदल जाना होगा।

वीआईपी वाहनों के लिए अलग रास्ता

वीआईपी और वीवीआईपी पास वाले वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नार्थ गेट के समीप निर्धारित प्रवेश मार्ग से स्टेडियम में जाएंगे। इनके लिए नार्थ गेट के पास अलग पार्किंग रहेगी।

इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकान चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों का परिचालन मैच समाप्त होने तक प्रतिबंधित रहेगा।

शालीमार चौक से नार्थ गेट तक सामान्य वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को विशेष परिस्थिति में अनुमति दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- नौ अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच, बिना टिकट दर्शकों को आसपास नहीं जुटने देने का निर्देश