अब आइएएस होंगे स्मार्ट सिटी के सीईओ
स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद पर अब भारतीय प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे।
रांची : स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद पर अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के अफसर बहाल होंगे। नगर विकास एवं आवास विभाग ने इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव पर विभागीय मंत्री सीपी सिंह ने अपनी सहमति दे दी है। आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव प्रशासी पदवर्ग समिति को भेजा गया है। प्रस्ताव में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा का हवाला दिया गया है, जहां पूर्व से ही इस पद पर आइएएस अफसर बहाल हैं।
बताते चलें की स्मार्ट सिटी के रूप में रांची का चयन होने के बाद सरकार ने 16 अक्टूबर 2016 को रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड का गठन किया था। गठन के बाद सरकार ने कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए कई बार इश्तेहार निकाला। इसके बाद संविदा आधारित इस पद पर यतीन सुमन की बहाली हुई, जिन्होंने कतिपय कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कुछ महीनों तक यह पद खाली रहा। बहरहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत निदेशक, नगरीय प्रशासन को इस पद की कमान सौंपी गई है।
हाल के महीनों में कॉरपोरेशन से जुड़ी गतिविधियों में काफी तेजी आई है। स्मार्ट सिटी से संबद्ध लगभग 900 करोड़ रुपये की परियोजना का हाल ही में टेंडर किया गया है, जिससे इन गतिविधियों में और भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। स्थायी मुख्य कार्यकारी अधिकारी के अभाव में स्मार्ट सिटी परियोजना पर प्रतिकूल असर न पड़े, इसलिए सरकार ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व संबंधित पद आइएएस अफसर के लिए सृजित करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है।