बेड़ो में घर में लगी आग, लाखों की संपत्ति राख
बेड़ो थाना क्षेत्र के डुमर टोली बेड़ो में शुक्रवार को अपराह्न लगभग चार बजे किसान के घर में आग लग गई।
संसू, बेड़ो : बेड़ो थाना क्षेत्र के डुमर टोली बेड़ो में शुक्रवार को अपराह्न लगभग चार बजे किसान पंचू उराव के खपरैल मकान में आग लग गई। घर में आग लगने से नारी शक्ति महिला मंडल व ग्राम युवा कमेटी की जमा किए हुए हजारों रुपये, घर में रखे सोने-चादी के गहने, बच्चों की किताब, स्कूल का सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, चावल, कपड़ा समेत अन्य कई समान जलकर राख हो गए। नारी शक्ति महिला मंडल व ग्राम युवा कमेटी की नगद राशि इस घर में रखी हुई थी। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि घर के सभी लोग खेत में काम करने गए थे। इसी बीच घर से धुआं उठते हुए देखा गया। इसके बाद वहा आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने घर का ताला तोड़ कर बहुत मुश्किल से पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घर पहुंचे गृहस्वामी पंचू उराव ने बताया कि उसकी पत्नी शीला उराव नारी शक्ति महिला मंडल चलाती हैं। वहीं, उसका पुत्र संजय उराव ग्राम युवा कमेटी का पैसा घर में एक छोटे बक्से में रखे थे। इस अगलगी में उनके द्वारा रखा सारा रुपया जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत अध्यक्ष सुशाति भगत व सुशील भगत घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की सूचना पर अंचलाधिकारी सुमंत तिर्की पहुंचे और पीड़ित परिवार को अनाज व आर्थिक सहयोग किया। साथ ही इस घटना की जानकारी बेड़ो थाना प्रभारी मनीष कुमार गुप्ता को दी। सुशाति भगत ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रशासन से मिलकर पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। वहीं, आग कैसे लगी इस बारे में पता नहीं चल पाया है।