रांची रिंग रोड पर वीभत्स हालत में मिला होटल संचालक का शव, हत्या की आशंका Ranchi News
Jharkhand News फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि युवक की मौत हादसे से हुई है या उसकी हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
रांची, जासं। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के सरवल रिंग रोड के समीप होटल संचालक एक युवक का संदेहास्पद स्थिति में शव बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने लावारिस हाल में युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान चटकपुर निवासी गौतम गोप के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया है। जबकि पुलिस के अनुसार युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर यह पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगा। युवक के शरीर में कई जगह चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि युवक की मौत हादसे से हुई है या उसकी हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
मृतक के शरीर में कई जगह चोट के निशान हैं। वहीं मृतक का एक पैर बुरी तरह कुचला हुआ है। जानकारी के अनुसार गौतम रामपुर आर्या स्टील एवं रामपुर चौक में होटल चलाता था। शनिवार को अपनी पत्नी को मायके छोड़ने गया था। वहां से लौटने के बाद गौतम रामपुर चला गया था। रात में गौतम अपने घर नहीं पहुंचा था। परिजनों ने खोजबीन की परंतु पता नहीं चल पाया था।
रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने सरवल रिंग रोड के किनारे शव होने की सूचना दी। मृतक का पूरा शरीर रगड़ा हुआ था एवं एक पैर कुचला हुआ था। नीचे का हिस्सा गायब था। परिजनों के अनुसार घटनास्थल से मृतक का बाइक एवं मोबाइल नहीं मिला है। शव वाली जगह पर खून के धब्बे भी नहीं मिले हैं। मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही है।