17 को रूपी सोरेन का दशकर्म, 18 को संस्कार भोज; हेमंत सोरेन ने लिखा- मां के लिए भावुक पोस्ट
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का दशकर्म 17 अक्टूबर को और संस्कार भोज 18 अक्टूबर को पैतृक गांव ...और पढ़ें

नेमरा में भोजन पकाने के लिए हेमंत सोरेन ने खुद जलाया चूल्हा।
HighLights
रूपी सोरेन का दशकर्म 17 अक्टूबर को, संस्कार भोज 18 को।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं चूल्हा जलाकर निभाई रस्म।
मां को याद कर सीएम ने पोस्ट किए भावुक संदेश।
राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां दिवगंत रूपी सोरेन का 17 अक्टूबर (शनिवार) को दशकर्म किया जाएगा। अगले दिन 18 अक्टूबर को संस्कार भोज होगा। हिन्दी और संथाली भाषा में लिखा निमंत्रण पत्र भेजा जा चुका है। संस्कार भोज के लिए पैतृक गांव नेमरा में पंडाल बनाया जा रहा है। जमीन में हरा कारपेट बिछाया जा चुका है।
इसी बीच हेमंत सोरेन ने गुरुवार को पारंपरिक विधि विधान का निर्वहन किया। भोजन पकाने के लिए उन्होंने खुद चूल्हा जलाया। रोजाना की तरह माता की आत्मा की शांति के लिए दातून, पानी और भोजन परोसा गया। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए नेमरा में राजनेताओं का भी तांता लगा रहा।

सीएम ने पोस्ट किए भावुक संदेश, कहा- मां हर पल उनके साथ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर कुछ भावुक संदेश पोस्ट किया। उनका संदेश था-मैं मां का ही अंश हूं, वह हर पल मेरे साथ हैं। धान के खेतों की पगडंडी पर टहलते हुए उन्होंने तस्वीर के साथ एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि गांव की इन्हीं पगडंडियों, इन्हीं खेतों और जल-जंगल के बीच बाबा ने संघर्ष की शुरुआत की थी।
उस कठिन सफर में मां हर कदम पर उनकी हमसफ़र बनकर साथ चलीं। बाबा ने जब-जब संघर्ष की राह चुनी, मां ने हर मुश्किल में उनका हाथ थामे रखा। बाबा के संघर्ष में मां सिर्फ उनकी साथी नहीं थीं, बल्कि उनकी ताकत, उनका संबल और हर कठिन मोड़ पर उनकी सबसे बड़ी हिम्मत थीं।

मिलनेवालों का तांता लगा रहा, काम भी निबटाते रहे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में शुक्रवार को बड़ी संख्या में झारखंड के अलग अलग हिस्से से लोग आए। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, विधायक संजय सिंह यादव, आलोक सोरेन, अमित कुमार यादव, रांची की मेयर रोशनी खलखो, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, मिथिलेश ठाकुर, पूर्व विधायक विनोद सिंह, लक्ष्मी टुडू, अकील अख्तर, निजामुद्दीन अंसारी, नारायण दास, ताला मरांडी, बिहार के पूर्व विधायक ललन कुमार ने नेमरा आकर रूपी सोरेन की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, झारखंड राज्य प्रशासनिक सेवा, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारीगण और टाटा समूह के अधिकारियों ने सीएम से मिल कर संवेदना व्यक्त की। रांची नगर निगम क्षेत्र के पार्षद भी आए। श्री गुरू सिंह सभा एवं झारखंड बुद्ध सोसाइटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। माता की आत्मा की शांति के लिए सर्वधर्म प्रार्थना की।
