खामोश...लालू से मिले भाजपा के 'शत्रु', हेमंत सोरेन-सुबोध कांत और शकील अहमद ने जाना तबीयत का हाल
Lalu Prasad Yadav. रांची के रिम्स में इलाज करा रहे लालू प्रसाद यादव से मिलने विपक्षी महागठबंधन के कई नेता पहुंच रहे हैं।
रांची, जासं। रांची के रिम्स के पेइंग वार्ड में इलाजरत लालू प्रसाद यादव से मिलने शनिवार को भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा, कांग्रेस नेता सुबोध कांत सहाय, झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद पहुंचे हैं। इन सभी नेताओं ने बारी-बारी से लालू से मिलकर उनका कुशलक्षेम पूछा। इन दिनों विपक्षी धड़े के बड़े नेता माने जाने वाले लालू प्रसाद यादव की तबीयत उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रही है। लालू से मुलाकात के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने राजद और लालू की जमकर तारीफ की। महागठबंधन को लेकर चर्चा के सवाल पर कहा कि खरमास में इसपर चर्चा ठीक नहीं है।
वहीं सुबह 11 बजे के करीब यहां झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन लालू से मिलने पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस के नेता शकील अहदमद ने भी लालू से मुलाकात कर उनकी बीमारी का हाल जाना। भाजपा से नाराज चल रहे पटना के सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा भी कांग्रेस नेता सुबोध कांत सहाय के साथ लालू का हाल जानने पहुंचे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा शुक्रवार की देर शाम हवाई जहाज से रांची पहुंचे हैं। जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इधर लालू प्रसाद का इलाज कर रहे डॉ. उमेश प्रसाद ने बताया है कि लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। इससे पहले शुक्रवार को डॉ. डीके झा ने बताया था कि इन दिनों लालू प्रसाद की डाइट पर काफी ध्यान दिया जा रहा है। जिससे उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल कंट्रोल में है। हालांकि लालू के दिल की अनियमित धड़कन की शिकायत डॉक्टरों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है।