विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

HEC के सीएमडी और निदेशकों के वित्तीय अधिकार छीने गए, एक प्रशासक नियुक्त; NCLT का बड़ा फैसला

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:40 PM (IST)

आर्थिक बदहाली से जूझ रहे एचईसी के अध्यक्ष समेत सभी निदेशकों के वित्तीय अधिकार एनसीएलटी के आदेश पर छीन लिए ...और पढ़ें

एनसीएलटी के आदेश से आर्थिक संकट में फंसे एचईसी को बड़ा झटका।

एनसीएलटी के आदेश से आर्थिक संकट में फंसे एचईसी को बड़ा झटका।

HighLights

  1. एनसीएलटी ने एचईसी के सीएमडी और निदेशकों के वित्तीय अधिकार छीने।

  2. आपूर्तिकर्ता के सात करोड़ रुपये बकाया भुगतान न करने पर एनसीएलटी कार्रवाई।

  3. कर्मचारियों का 32 महीने से अधिक का वेतन बकाया, भुगतान पर संकट।

जागरण संवाददाता, रांची। आर्थिक बदहाली से जूझ रहे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम हैवी इंजीनियरिंग कारपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आपूर्तिकर्ता का करीब सात करोड़ रुपये बकाया भुगतान नहीं करना कंपनी प्रबंधन को भारी पड़ गया है।

राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के आदेश के तहत एचईसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) समेत सभी निदेशकों के वित्तीय अधिकार छीन लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

कंपनी की वित्तीय गतिविधियों के संचालन के लिए प्रशासक नियुक्त किया गया है। इस घटनाक्रम से पहले से आर्थिक संकट में फंसे एचईसी के कामकाज और कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर अनिश्चितता बढ़ गई है। इस संबंध में एचईसी कंपनी के किसी वरीय अधिकारी ने बातचीत नहीं किया। जानकारी के अनुसार, बुधवार को नियुक्त प्रशासक एचईसी मुख्यालय पहुंचे।

उन्होंने निदेशकों को एनसीएलटी के आदेश से अवगत कराया और उनके साथ बैठक की। इसके बाद प्रशासक धुर्वा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा भी पहुंचे और बैंक अधिकारियों को आदेश की जानकारी दी। एचईसी के सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार वर्तमान में भेल के सीएमडी के पास है। कंपनी के चारों निदेशक भी भेल के अधिकारी हैं, जो एचईसी में प्रतिनियुक्त हैं।

इसरो के उपकरण के लिए सामग्री की आपूर्ति, भुगतान नहीं होने पर पहुंचा मामला

मिली जानकारी के अनुसार एचईसी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के लिए एक उपकरण की आपूर्ति की थी। इसके निर्माण के लिए हसन ब्रदर्स नामक कंपनी ने सामग्री उपलब्ध कराई थी।

आपूर्तिकर्ता का करीब सात करोड़ रुपये बकाया रह गया। कई बार मांग के बावजूद भुगतान नहीं होने पर कंपनी ने एनसीएलटी का दरवाजा खटखटाया। नोटिस के बावजूद एचईसी की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया गया। इसके बाद न्यायाधिकरण ने सख्त कदम उठाया।

32 महीने का वेतन बकाया, अब छठ से पहले भुगतान पर संकट

इस घटनाक्रम का सबसे अधिक असर वेतन की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों पर पड़ सकता है। एचईसी के कामगारों का करीब 32 महीने और अधिकारियों का इससे भी अधिक अवधि का वेतन बकाया बताया जा रहा है।

बुधवार को वेतन और अन्य मांगों पर प्रबंधन तथा श्रमिक संगठनों के बीच प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी गई। यूनियनों को इसकी सूचना दे दी गई है। इससे छठ महापर्व से पहले वेतन मिलने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

कर्ज और बकाया देनदारियों के बोझ तले दबा एचईसी

कभी देश के औद्योगिक विकास की पहचान रहा एचईसी अब गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहा है। कंपनी पर बिजली मद में लगभग 350 करोड़ रुपये की देनदारी बताई जा रही है। भविष्य निधि, कर्मचारियों के वेतन, आपूर्तिकर्ताओं और अन्य मदों का बकाया अलग है।

31 मार्च 2025 तक कंपनी की निवल संपत्ति करीब 1,594 करोड़ रुपये ऋणात्मक थी। उत्पादन और डिस्पैच प्रभावित होने से नियमित आय भी सीमित है। ऐसे में वित्तीय अधिकारों पर नियंत्रण और प्रशासक की नियुक्ति से कंपनी के पुनरुद्धार की चुनौतियां और बढ़ सकती हैं।

एचईसी पर आर्थिक संकट का बढ़ता बोझ

  • करीब सात करोड़ रुपये : हसन ब्रदर्स का कथित बकाया, जिससे जुड़ा एनसीएलटी मामला।
  • करीब 32 महीने : कामगारों का बताया जा रहा बकाया वेतन।
  • करीब 350 करोड़ रुपये : बिजली मद में अनुमानित देनदारी।
  • 1,594.32 करोड़ रुपये : 31 मार्च 2025 तक ऋणात्मक निवल संपत्ति।
  • करीब 900 स्थायी और 1,300 अस्थायी कर्मचारी : रोजगार और वेतन संकट से प्रभावित कार्यबल।

अब सबसे बड़ा सवाल

प्रशासक की नियुक्ति के बाद एचईसी के बैंक खातों, उत्पादन के लिए जरूरी भुगतान, कर्मचारियों के वेतन और लंबित आर्डरों के निष्पादन की व्यवस्था कैसे संचालित होगी?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।