Weather Update: मानसून की मेहरबानी, लगातार बरस रहा पानी; जानें अपने शहर का हाल
Jharkhand Weather Update. किसान बारिश खुलने तथा मौसम अनुकूल होने का इंतजार में हैं। रोहिणी नक्षत्र में हुई बारिश से ही कई क्षेत्रों में किसानों ने खेतों की जुताई कर तैयार किया है।
गढ़वा, जासं। गढ़वा जिले के सभी क्षेत्रों में गुरुवार की अहले सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। बताते चलें कि मानसून के आगमन के साथ प्रतिदिन बारिश हो रही है। 14 जून को 22 मिमी, 15 को 146 मिमी,16 मिमी को 3 मिमी तथा 17 जून को 50 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। प्रतिदिन हो रही बारिश से किसानों को खेत जुताई का अनुकूल अवसर नहीं मिल रहा है।
इस कारण जिले में प्राय: खेती का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। लोग बारिश थमने तथा मौसम के अनुकूल होने के इंतजार कर रहे हैं। रोहिणी नक्षत्र में हुई बारिश से ही कई क्षेत्रों में किसानों ने खेतों की जुताई कर तैयार किया है। बस उन्हें अच्छी बारिश होने का इंतजार था। मृगशिरा नक्षत्र में मानसून का आगमन हुआ है। अच्छी बारिश से निचले खेतों में पानी जमा हो गई है। वहीं मध्यम व टांड़ खेतों मे भी पर्याप्त नमी हो गई है। बारिश थमने के बाद खेती कार्य में तेजी आएगी। धान का बिचड़ा डालने तथा अरहर, उरद, मूंग, मक्का, तिल आदि की बोआई शुरू हो सकेगा।
पलामू में मूसलाधार बारिश
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर समेत पलामू जिले के आंचलिक इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। गुरुवार की सुबह भी जारी बारिश से शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल हो गई है। जगह-जगह जल जमाव हो गया है। मानसून की बारिश से शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों के अलावा बस डिपो, ओवरब्रिज के नीचे प्रधान जिला जज आवास रोड, कचहरी रोड समेत गली-मुहल्लों में जलजमाव हो गया है।
भट्टी मुहल्ला, पहाड़ी मुहल्ला, मुख्य बाजार आदि इलाकों में नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। नाली का कचरा सड़कों पर फैल गया है। इधर, बारिश से पलामू के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। जमकर हुई बारिश से तापमान में तेजी से गिरावट आई है।
रिमझिम बारिश से पाकुड़ का मौसम हुआ सुहाना
पाकुड़ जिला मुख्यालय में गुरुवार की सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। इससे मौसम सुहाना हो गया है। आसमान में बादल छाए हैं। मानसून के आगमन के कारण जिलेभर में बुधवार को भी बारिश हुई थी। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली थी। रिमझिम बारिश के बीच किसान खेतों में धान का बिचड़ा फेकने में व्यस्त हैं।