स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रिम्स का किया निरीक्षण, बोले- डॉक्टरों की कमी करेंगे दूर
Jharkhand. रिम्स पहुंचने के बाद मंत्री प्रशासनिक भवन में अपने नए कार्यालय में बैठे। रिम्स आने पर पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया।
रांची, जासं। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद बन्ना गुप्ता गुरुवार को पहली बार रिम्स पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रिम्स परिसर समेत इमरजेंसी सुविधा, ट्रॉमा सेंटर, पिंक वल्र्ड आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह, अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इससे पूर्व रिम्स पहुंचने के बाद मंत्री रिम्स के प्रशासनिक भवन में अपने नए कार्यालय में बैठे।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि सकारात्मक सोच से काम करना है। रिम्स में डॉक्टरों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि रिम्स में 600 नए डॉक्टरों को भर्ती करने पर विचार चल रहा है। उन्होंने रिम्स में नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों की कमी को स्वीकारा। उन्होंने कहा कि इरादे बुलंद हैं। अभी लड़ाई लंबी है। मंत्री ने कहा कि राज्य के खजाने को देखते हुए निर्णय लिए जाएंगे।
रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद वे पहली बार रिम्स पहुंचे हैं। उन्हें रिम्स की गतिविधियों से अवगत कराया गया। रिम्स आने पर पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। प्रशासनिक भवन के कांफ्रेंस हॉल में प्रशासनिक अधिकारियों व चिकित्सकों के साथ मुलाकात की। बता दें रिम्स में लंबे समय से कई काम लंबित हैं। अब स्वास्थ्य मंत्री के आने से सभी लंबित काम जल्द होने की उम्मीद है।