Hazaribagh Accident: हजारीबाग के दनुआ घाटी में नहीं थम रही सड़क दुर्घटना, ट्रकों की टक्कर में दो घायल
Hazaribagh Accident News झारखंड के हजारीबाग जिले के दनुआ घाटी में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। 2 दिन पहले एक गैंस टंकर पलट गया था। वहीं आज दो ट्रकों के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में दो लोग चालक घायल हो गए है।
चौपारण ( हजारीबाग), जासं। Hazaribagh Accident News बिहार झारखंड सीमा पर मौजूद दनुआ घाटी (एनएच 2) में दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार की सुबह भी घाटी क्षेत्र में दो ट्रकों की टक्कर हो गई। इसमें एक चालक मोहम्मद अनस पिता इसरत की हालत गंभीर है। उसे तत्काल लोगों की सहायता से इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। वहीं एक अन्य चालक नौशाद को हल्की चोटें आई है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस की टीम ने भी घायलों की मदद की। साथ ही जाम की स्थिति नहीं बने इसके लिए भी मुस्तैद रहे। क्योंकि अक्सर घाटी में सड़क दुर्घटना के बाद भारी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
2 दिन पहले भी हुई थी दुर्घटना
मालूम हो कि 2 दिन पहले ही घाटी क्षेत्र में गैस टैंकर पलट जाने की वजह से 20 घंटे तक जीटी रोड जाम रहा था। इस वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।