Puja Special Trains: मुंबई और बेंगलुरु के लिए हटिया से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यात्रा से पहले चेक करें शेड्यूल
रेलवे ने दुर्गापूजा और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दो और पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दुर्गापूजा और छठ के लिए दो नई पूजा स्पेशल ट्रेनें घोषित।
हटिया से बेंगलुरु और मुंबई के लिए विशेष ट्रेनें चलेंगी।
अक्टूबर से नवंबर तक यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गापूजा और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से दो और पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की गई है। इनमें हटिया से एसएमवीटी बेंगलुरु और हटिया से एलटीटी मुंबई के बीच स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
दोनों ट्रेनों का परिचालन अक्टूबर से नवंबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से त्योहार के दौरान बेंगलुरु और मुंबई जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
हटिया-बेंगलुरु स्पेशल 14 अक्टूबर से
ट्रेन संख्या 08637 हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल 14 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को हटिया से सुबह 9:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन रात 8:45 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08638 एसएमवीटी बेंगलुरु-हटिया स्पेशल 16 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को एसएमवीटी बेंगलुरु से रात 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:30 बजे हटिया पहुंचेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार में इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव बालसिरिंग, गोविंदपुर रोड, बानो, राउरकेला और झारसुगुड़ा स्टेशनों पर होगा।
मुंबई के लिए 12 अक्टूबर से स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 08609 हटिया-एलटीटी मुंबई स्पेशल 12 से 26 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को हटिया से शाम 4:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08610 एलटीटी मुंबई-हटिया स्पेशल 13 से 27 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को रात 10:55 बजे एलटीटी मुंबई से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 4:30 बजे हटिया पहुंचेगी।
इस ट्रेन का भी दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार में बालसिरिंग, गोविंदपुर रोड, बानो, राउरकेला और झारसुगुड़ा स्टेशनों पर ठहराव होगा।
इन स्पेशल ट्रेनों की घोषणा पहले हो चुकी है
रांची-अलीपुरद्वार-रांची साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन के परिचालन की घोषणा पहले ही हो चुकी है। इसके अलावा ट्रेन संख्या 02877 रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को रांची से रवाना होगी।
इस ट्रेन के कुल नौ फेरे होंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 02878 आनंद विहार टर्मिनल-रांची स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी। इसके भी कुल नौ फेरे होंगे।
इसी तरह ट्रेन संख्या 08611 सांतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल (वाया रांची) 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को सांतरागाछी से रवाना होगी।
इसके कुल 12 फेरे होंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 08612 अजमेर-सांतरागाछी साप्ताहिक स्पेशल (वाया रांची) 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को अजमेर से रवाना होगी। इस ट्रेन के भी कुल 12 फेरे होंगे।
यह भी पढ़ें- South Eastern Railway की घोषणा: हटिया-बेंगलुरु और हटिया-मुंबई के बीच अक्टूबर-नवंबर में दौड़ेंगी स्पेशल ट्रेनें
