South Eastern Railway की घोषणा: हटिया-बेंगलुरु और हटिया-मुंबई के बीच अक्टूबर-नवंबर में दौड़ेंगी स्पेशल ट्रेनें
दक्षिण पूर्व रेलवे ने आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए हटिया-बेंगलुरु और हटिया-मुंबई के बीच दो जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला और झारसुगुडा स्टेशनों होते हुए चार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
HighLights
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
हटिया-बेंगलुरु और हटिया-मुंबई के बीच दो जोड़ी ट्रेनें चलेंगी।
दुर्गा पूजा, दिवाली, छठ पर्व पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
जासं, चक्रधरपुर। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला और झारसुगुडा स्टेशनों के रास्ते दो जोड़ी (चार) फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों के परिचालन से झारखंड, ओडिशा, मुंबई और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु-हटिया फेस्टिवल स्पेशल
ट्रेन नंबर 08637 हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु फेस्टिवल स्पेशल का परिचालन 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक रहेगा। यह ट्रेन हर बुधवार को सुबह 09:00 बजे हटिया से रवाना होकर अगले दिन रात 08:45 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 08638 बेंगलुरु-हटिया स्पेशल 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक हर शुक्रवार की रात 12:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:30 बजे हटिया पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बानो, राउरकेला और झारसुगुडा स्टेशनों पर होगा।
हटिया-एलटीटी मुंबई-हटिया फेस्टिवल स्पेशल
ट्रेन नंबर 08609 हटिया-एलटीटी मुंबई फेस्टिवल स्पेशल 12 से 26 अक्टूबर तक हर सोमवार शाम 04:20 बजे हटिया से खुलकर अगले दिन रात 10:10 बजे मुंबई पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 08610 मुंबई-हटिया स्पेशल 13 से 27 अक्टूबर तक हर मंगलवार रात 11:50 बजे मुंबई से खुलकर तीसरे दिन तड़के 04:30 बजे हटिया पहुंचेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के तहत इस ट्रेन का ठहराव राउरकेला और झारसुगुडा स्टेशनों पर रहेगा।
रेलवे प्रशासन के इस फैसले से दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व पर घर आने और जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।
