विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेल टिकट के नाम पर यात्रियों से हर बुकिंग पर वसूले जा रहे थे 300 रुपये ज्यादा, RPF ने शातिर को दबोचा

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:32 AM (IST)

रेलवे सुरक्षा बल ने गुमला में एक साइबर कैफे संचालक को अवैध रूप से रेलवे टिकटों की दलाली करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

रेल टिकट के नाम पर यात्रियों से हर बुकिंग पर वसूले जा रहे थे 300 रुपये ज्यादा (AI Generated Image)

रेल टिकट के नाम पर यात्रियों से हर बुकिंग पर वसूले जा रहे थे 300 रुपये ज्यादा (AI Generated Image)

HighLights

  1. साइबर कैफे संचालक अवैध टिकट बिक्री के लिए गिरफ्तार किया गया।

  2. सात निजी IRCTC आईडी का उपयोग कर करता था दलाली।

  3. छह वर्षों से अवैध कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार।

जागरण संवाददाता, रांची। रेलवे टिकटों की अवैध दलाली के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुमला के एक साइबर कैफे संचालक को गिरफ्तार किया है।

आरोपित सात निजी आईआरसीटीसी यूजर आईडी के माध्यम से रेलवे टिकट बुक कर यात्रियों को टिकट मूल्य से 200 से 300 रुपये अधिक लेकर बेचता था। पूछताछ में उसने पिछले करीब छह वर्षों से इस अवैध कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की।

आरपीएफ पोस्ट बानो की टीम ने 23 नवंबर को ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत गुमला के टावर चौक, सिसई रोड स्थित सिन्हा साइबर जोन में छापेमारी की।

जांच के दौरान दुकान संचालक संतु कुमार सिन्हा (34), निवासी गुमला, को बिना अधिकृत एजेंट आईडी के निजी आईआरसीटीसी यूजर आईडी के माध्यम से टिकट बुक कर बेचते पाया गया। उसके पास सात निजी आईआरसीटीसी यूजर आईडी होने की जानकारी मिली।

छापामारी के दौरान आरपीएफ ने आरोपित का मोबाइल फोन और टिकटों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए। जांच में चार आईआरसीटीसी यूजर आईडी के माध्यम से बुक किए गए दो भविष्य के ई-टिकट मिले, जिनकी कीमत 7,027.20 रुपये थी।

इसके अलावा 32 पुराने ई-टिकटों का ब्योरा भी मिला, जिनकी कुल कीमत 74,190.50 रुपये थी। आरोपित के विरुद्ध आरपीएफ पोस्ट बानो में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कांड संख्या 318/2026, दिनांक 23 नवंबर 2026 दर्ज किया गया है।

उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई। रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि रेलवे टिकटों की अवैध दलाली और कालाबाजारी के विरुद्ध ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।